कालेधन को सफेद करने में धरे गए तो होगी सख्त कार्रवाई: कलराज

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2016 - 01:05 PM (IST)

गोंडा: केन्द्रीय सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने आगाह किया है कि अगर कोई बैंककर्मी कालाधन सफेद करने की साजिश में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा को यहां सम्बोधित करते हुए मिश्र ने कहा कि कुछ बैंककर्मियों के कालाधन को सफेद करने की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने आगाह किया कि कालाधन को सफेद करने में जुटे बैंककर्मी सुधर जाएं वरना उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर राजनीतिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा है। न्यायालय से या आपसी सहमति से हल नहीं निकलने पर आवश्यकता पड़ी तो कानून बनाकर मंदिर निर्माण कराया जाएगा। मिश्र ने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव भाजपा साम्प्रदायिक सौहार्द, विकास और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर लड़ेगी। पार्टी ने संवाद यात्राओं के जरिए प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं से संवाद साधा है। प्रदेश की सत्तारुढ समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमलावर रुख अख्तियार करते हुए मिश्र ने कहा कि सरकार के क्रियाकलापों के कारण कानून व्यवस्था ध्वस्त होने के साथ महिलाएं असुरक्षित हैं। जनता कराह रही है।

नोट बंदी पर जनता हमारे साथ
सपा केन्द्र सरकार के नोटबंदी और मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से भाजपा के बढ़ते जनाधार से घबरा कर बाहुबलियों का सहारा ले रही है। प्रदेश में किसान गन्ना के भुगतान और धान का उचित मूल्य न मिलने से त्रस्त है। मिश्र ने कहा कि सूबे का विकास सिर्फ नारों और विज्ञापनों में हो रहा है जबकि धरातल पर विकास ठप है। उन्होंने कहा कि नोट बंदी पर जनता हमारे साथ है। भष्टाचार से ओतप्रोत तृणमूल कांग्रेस, सपा, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस जनता को गुमराह करने के लिए विरोध कर रहे हैं।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें