नोटबंदी से विपक्षी परेशान, जनता खुश: कलराज

punjabkesari.in Friday, Dec 02, 2016 - 10:59 AM (IST)

प्रतापगढ़: केंद्रीय लघु सुक्ष्म और मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने कहा है कि नोटबंदी से सिर्फ विपक्षी दल परेशान है जबकि देश की जनता ने इसका तहेदिल से स्वागत किया है।

कलराज मिश्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा के दौरान पट्टी तहसील मुख्यालय पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बहुत खराब हो गई है आए दिन लूट और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। नोटबंदी से समूचा विपक्ष परेशान है जबकि आम लोग उसका स्वागत कर रहे हैंं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जो पैसा उत्तर प्रदेश के विकास के लिए दे रही है उसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। केन्द्र सरकार ने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए कई कदम उठाएं है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी की सरकारों से ऊब चुकी है। इस मौके पर पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ,महेंद्र प्रताप सिंह,राजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी सम्बोधित किया। वक्ताओं ने दावा किया कि आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से चुनाव जीत कर सरकार बनाएगी। परिवर्तन यात्रा पट्टी विधान सभा क्षेत्र के मनगरौरा बाजार से शुरू हुई जो मुजाही, सैफाबाद ,धकवा, अमरगढ़ होते हुए पट्टी तहसील मुख्यालय पर पहुंची।

UP Latest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें