सपा-कांग्रेस पर गरजे कल्बे जव्वाद, कहा- इनसे बेहतर है मोदी-योगी सरकार

punjabkesari.in Monday, Nov 20, 2017 - 12:03 PM (IST)

लखनऊ: शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने रविवार को इमामबाड़ा जवाहर अली खां में ताबूत जुलूस के दौरान सपा-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। वहीं इस मौके पर उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार को सपा व कांग्रेस से अच्छी सरकार करार किया।

सपा काल में हुए सबसे अधिक दंगे
कल्बे जव्वाद ने कहा कि अखिलेश द्वारा संचालित समाजवादी पार्टी की सरकार के शुरुआती 6 महीने में ही सौ से ज्यादा दंगे उत्तर प्रदेश में हो गए थे, जबकि भाजपा सरकार में अभी तक कोई ऐसी बात नहीं हुई है, जिसे साम्प्रदायिक दंगे की लिस्ट में रखा जाए।

मोदी सरकार मुसलमानों के लिए नहीं खतरनाक
वहीं उन्होंने मोदी सरकार के बारे में बताया कि ये सरकार ऐसी है कि अगर इसको कोई मुसलमान लाभदायक नहीं मानता है तो इसको कोई नुक्सानदायक भी नहीं मानेगा।  जबकि दिल्ली की पिछली कांग्रेस सरकार ने देश के मुसलमानों का बड़ा नुक्सान करवाया है।

कांग्रेस ने मुस्लिमों का सबसे ज्यादा किया नुकसान
कल्बे ने कहा कि ऐसी कोई भी सरकार नहीं आई जिसे सही कहा जा सके, लेकिन ये सच है कि अखिलेश सरकार में मुसलमान बर्बाद होने की कगार पर आ चुका था। लाखों मुसलमान आज तक मुजफ्फरनगर दंगे के खौफनाक दर्द से उबर नहीं पाए हैं। कम से कम मोदी-योगी सरकार में मुसलमानों ने कोई ऐसा दर्द तो नहीं झेला। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अब तक किसी ने अगर सबसे ज्यादा नुक्सान पहुंचाया है तो वो कांग्रेस है।