उपचुनाव हार पर बोले कल्‍याण सिंह: दूसरों को सम्मान नहीं देने से पार्टी का होता है सत्यानाश

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 03:49 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने उपचुनाव में मिली बीजेपी की हार पर पार्टी की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि  राजनीति में जब दूसरों को सम्मान देना बंद कर दिया जाता है तो पार्टी का सत्यानाश हो जाता है।

उन्होंने कहा कि अहंकार आने के बाद बर्बादी शुरू हो जाती है। यह जनता है जो यदि खुश है तो बेड़ापार और नाराज हुई तो बंटाधार हो जाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में अधिकार मिलते नहीं बल्कि छीने जाते हैं। थप्पड़ मारकर अधिकार लेना पड़ता है। लोधी समाज को शिक्षा, संगठन और संघर्ष पर ध्यान देना चाहिए। राजस्थान में विश्वविद्यालयों में बेटियों को अधिक मेडल मिलते हैं। बेटियां आंगन की मणि होती हैं। इसलिए समाज के लोगों को अपनी बेटियों को आधुनिक शिक्षा देनी चाहिए।

कौन हैं कल्याण सिंह 
कल्याण सिंह का जन्म 1932 में हुआ। उनके पिता का नाम तेजपाल सिंह लोधी और माता का नाम सीता था। वह एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं। इससे पहले वो 2 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें 26 अगस्त, 2014 को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया। उन्हें कट्टरपंथी हिंदुत्ववादी के रूप में जाना जाता है। बाबरी मस्जिद विध्वंस में उनका कार्य विवादास्पद है। वर्तमान में वह राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल हैं। 

Punjab Kesari