कलयुगी बेटे ने जन्म देने वाली मां को मारी गोली, पिता पर भी ताना तमंचा

punjabkesari.in Sunday, Jun 03, 2018 - 04:17 PM (IST)

मुजफ्फरनगरः ऐसा माना जाता है कि मां भगवान का धरती पर दूसरा रूप है। उसी मां को जब कोई कलयुगी बेटा मौत की नींद सुला दे तो ये बात असहनीय हो जाती है। ताजा मामला मुजफ्फरनगर जिले का है। जहां एक कलयुगी ने सम्पत्ति बंटवारे के विवाद अपनी मां को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। 

जानकारी के मुताबिक मामला तितावी थाना क्षेत्र के करवाड़ा गांव का है। यहां की रहने वाली पूर्व प्रधान शिक्षा सिंह के 4 बेटे राजेन्द्र, देवेन्द्र संदीप व योगेश हैं। राजेन्द्र व देवेन्द्र फौज में भर्ती हैं और संदीप घर के नजदीक ही एक जनरल स्टोर चलाता है। वहीं सबसे छोटा योगेश कृषि व घर के काम देखता है।

बताया जा रहा है कि योगेश अपने भाई संदीप की दुकान पर जाकर शराब पीकर गाली-गलौज करने लगा और उसे दुकान खाली करने के लिए कहने लगा। संदिप ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन योगेश ने दुकान का सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। तभी मौके पर दोनों की मां-बाप पहुंच गए। मां ने योगेश को समझाने के प्रयास किया। इस दौरान योगेश ने मां को गोली मार दी। मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इसके बाद योगेश ने अपने पिता पर भी तमंचा तान दिया, लेकिन गोली नहीं चली। वहीं गोली की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक महिला के पति ने पुलिस से बेटे को फांसी देने की गुहार लगाई है। आरोपी योगेश घर से फरार है। 


 

Tamanna Bhardwaj