दिल्ली से जाने के लिए कन्हैया के लिए बुक कराया गया हवाई टिकट

punjabkesari.in Tuesday, Mar 15, 2016 - 06:01 PM (IST)

मेरठ: भारतीय सेना के खिलाफ बयान देने के बाद जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली छोडऩे के लिए 1 मार्च तक का समय देने वाले संगठन उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना (यूपीएनएस) ने उनका दिल्ली से पटना तक का हवाई टिकट बुक करा दिया है। संगठन के अध्यक्ष अमित जानी ने इस संबंध में बताया कि टिकट 29 मार्च का है। उन्होंने कहा कि बकौल कन्हैया उनकी पारिवारिक कमाई 3,000 रूपये मासिक से कम है और वह अंत्योदय योजना के अंतर्गत आते हंै। इसीलिए उनकी आर्थिक स्थिति का ख्याल करते हुए उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के कोष से उनका हवाई टिकट करा दिया गया है। जानी ने कहा, ‘‘कन्हैया दिल्ली छोड़ो के नारे के साथ 27 मार्च को दिल्ली जंतर मंतर पर होने वाली महापंचायत के बाद हम सीधे जेएनयू परिसर जाएंगे और कन्हैया को टिकट देकर दिल्ली से चले जाने की अंतिम चेतावनी देंगे।’’

 
उन्होंने कहा, ‘‘देश की जो सेना हमारे लिए शून्य से 40 डिग्री नीचे के तापमान में लड़ती है, सीने पर गोली खाकर हमारे लिए अपने प्राणों की आहूति देती है, उसका अपमान करने वाले को हम देश की राजधानी में किसी सूरत में बर्दास्त नहीं कर सकते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘27 मार्च को जंतर मंतर पर प्रस्तावित महापंचायत और कन्हैया को टिकट देने के लिए जंतर मंतर से जेएनयू तक की यात्रा पूर्णत: गांधीवादी और लोकतांत्रिक है। लेकिन यदि कन्हैया कुमार अपने राज्य वापस नहीं लौटा तो उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ता कानून की परवाह ना करते हुए जेएनयू में घुस जाएंगे और कन्हैया से खुद निपट लेंगे।’’ उन्होंने देश के राष्ट्रवादी युवाओं से अपील की है कि 27 मार्च को तिरंगे के साथ जंतर-मंतर आकर भारतीय सेना को बलात्कारी कहने वाले कन्हैया के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार करें।