कन्नौज: शिवपाल ने बहु डिंपल यादव के खिलाफ अपने प्रत्याशी का नाम वापस लिया

punjabkesari.in Tuesday, Apr 09, 2019 - 06:26 PM (IST)

कन्नौज: लोकसभा चुनाव के लिए होने वाले पहले चरण के मतदान का चुनाव प्रचार थम गया है। इससे पहले शिवपाल यादव ने बड़ा फैसला लिया है। शिवपाल यादव ने कन्नौज सीट से बहु डिंपल यादव के खिलाफ लड़ रहे अपने प्रत्याशी का नाम वापस ले लिया है। शिवपाल यादव ने कन्नौज सीट से अपने नवगठित राजनीतिक दल प्रगतिशील समाजवादी पार्टी(लोहिया) से सुनील सिंह राठौड़ को उम्मीदवार बनाया था। आज नामांकन की आखिरी तारीख थी और राठौड़ ने आज पर्चा नहीं भरा। कन्नौज सीट से अब डिम्पल यादव का सीधा मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार सुब्रत पाठक से होगा। कांग्रेस ने पहले ही ये सीट डिम्पल के लिए छोड़ दी थी।

भतीजे अक्षय यादव के खिलाफ खुद लड़ रहे हैं चुनाव 
शिवपाल सिंह यादव लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद सीट पर अपने भतीजे अक्षय यादव को चुनौती दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय इस बार भी सपा के टिकट पर फिरोजाबाद से चुनाव लड़ेंगे। वर्ष 2016 में यादव परिवार में पड़ी फूट के दौरान रामगोपाल ने शिवपाल के प्रतिद्वंद्वी मौजूदा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का साथ दिया था। इटावा की जसवंत नगर सीट से सपा के मौजूदा विधायक शिवपाल का फिरोजाबाद तथा आसपास के इलाकों में जनाधार बताया जाता है।

मालूम हो कि शिवपाल ने सपा में अपनी 'उपेक्षा' से नाराज होकर पिछले साल प्रसपा का गठन किया था। इसे सपा के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश के तौर पर देखा गया था। खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश ने प्रसपा को भाजपा की 'बी टीम' करार दिया था।

 
 

Ajay kumar