सुब्रमण्यम स्वामी ने देश के 5 फीसदी लोगों को बताया ‘देशद्रोही’, पड़े ‘अंडे’

punjabkesari.in Saturday, Feb 27, 2016 - 04:37 PM (IST)

कानपुर(अंबरीश त्रिपाठी): अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने एक और विवादित बयान दिया है। स्वामी ने देश के 5 फीसदी लोगों को ‘देशद्रोही’ बताया है। स्वामी ने कहा सिर्फ जेएनयू में ही नहीं देश के अलग-अलग हिस्सों पर ''देशद्रोही'' हैं जिसमें उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ और मऊ जि़ले मुख्य हैं। 
 
सुब्रमण्यम स्वामी को अपने इस बयान का जमकर विरोध झेलना पड़ा। उनके इस बयान पर उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। कानपुर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और उन पर अंडे तथा टमाटर फेंके। स्वामी यहां नवाबगंज के एसडी कालेज में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आये थे। सर्किट हाऊस से निकलकर वह जैसे ही माल रोड के कैराना चौराहे पर पहुंचे थे कि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता अचानक सड़क पर आ गये। उन्हें काले झंडे दिखाये। उन पर अंडे और टमाटर फेंके। हालांकि, स्वामी के गाड़ी के अन्दर होने की वजह से अंडे और टमाटर उन्हें नहीं लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया जिससे कुछ लोगों को मामूली चोटें आयीं। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरवंश मोहाल थाने का घेराव भी किया।
 
‘कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी करते हैं इसलिए किया विरोध’
अग्निहोत्री ने कहा कि स्वामी राजनीतिक कारणों से कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ गलत बयानबाजी करते रहते हैं इसलिए उनका विरोध किया गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया।