कभी 'रिवाल्‍वर चाची' के नाम से मशहूर थी कानपुर की नई मेयर

punjabkesari.in Monday, Dec 04, 2017 - 04:50 PM (IST)

कानपुरः यूपी निकाय चुनाव में कानपुर की मेयर सीट पर बीजेपी की प्रमिला पाण्डे कब्जा किया है।  मेयर बनीं प्रमिला पाण्डेय रिवाल्वर चाची के नाम से मशहूर हैं। लाइसेंसी रिवाल्‍वर लगाकर चलने वाली प्रमिला पाण्डेय भारी मतों से विजयी घोषित हुई हैं। प्रमिला पाण्डेय अपनी निडर छवि के लिए जानी जाती हैं।

बता दें कुछ साल पहले जब रिवाल्वर और बंदूक के साथ सोशल मीडिया पर प्रमिला पाण्डेय की फोटो वायरल हुई तभी से लोग उन्हें रिवाल्वर चाची के नाम से पुकारने लगे। प्रमिला पाण्डेय अपनी निडर छवि के कारण भी लोगों में चर्चा का विषय बनी रहती हैं। पाण्डेय महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष और दो बार पार्षद भी रह चुकी हैं।

प्रमिला पाण्डेय को असलहों का शौक है। नागपंचमी के मौके पर वह सांप को पकड़ कर दूध पिलाती है। उनको देख कर सपेरे भी हैरानी में पड़ जाते है। इसके साथ ही उनका बच्चों के साथ खेलने का भी शौक है। वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं और लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती हैं।

प्रमिला पाण्डेय मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली हैं। इनका जन्‍म भले ही जौनपुर में हुआ था लेकिन कानपुर उनकी कर्म भूमि रही है। वह लम्बे समय तक संघ से जुडी रहीं इसके बाद सिविल लाइन वार्ड 52 से दो बार पार्षद के लिए चुनी जा चुकी है। इसके बाद वह महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी है। भाजपा के किसी भी प्रदर्शन में अपनी स्कूटी पर बीजेपी के चार झंडे लगाकर पहुंच जाती हैं।

वह जमीनी स्तर की नेता है सभी कार्यकर्ता उनका सम्मान करते हैं। लोग उन्हें चाची ,युवा दादी और हम उम्र के कार्यकर्ता दीदी के नाम से पुकारते हैं। चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर जितना प्रचार प्रमिला पाण्डेय का देखने को मिला उतना दूसरों का नहीं। बाकी उम्‍मीदवारों के मुकाबले इनको को लोगों ने ज्‍यादा पसन्द किया।