सपा के सहयोग से रालोद लड़ेगा कैराना लोकसभा उपचुनाव

punjabkesari.in Sunday, May 06, 2018 - 04:08 PM (IST)

लखनऊः राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के टिकट पर सपा की मदद से कैराना लोकसभा उपचुनाव लड़ने जा रहीं तबस्सुम बेगम आज रालोद में शामिल हो गईं। रालोद के प्रान्तीय अध्यक्ष मसूद अहमद ने बताया कि उनकी पार्टी ने कैराना उपचुनाव के लिए तबस्सुम बेगम को टिकट देने का फैसला किया है। इसके लिए तबस्सुम औपचारिक रूप से सपा से रालोद में शामिल हो गई हैं।   

उन्होंने बसपा समेत सभी समान विचारधारा वाले दलों का सहयोग मिलने की पूरी उम्मीद जाहिर करते हुए आशा जताई कि तबस्सुम विपक्ष की साझा उम्मीदवार बनकर उभरेंगी। मालूम हो कि सपा भी तबस्सुम को ही कैराना लोकसभा उपचुनाव लड़ाना चाहती थी। गत शुक्रवार को लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद उपाध्यक्ष जयन्त चैधरी के बीच हुई लम्बी मुलाकात में इस पर सहमति बनी थी कि तबस्सुम सपा की बजाय रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी और सपा उनका समर्थन करेगी।     

इसके अलावा नूरपुर विधानसभा सीट उपचुनाव में सपा अपना प्रत्याशी उतारेगी और रालोद उसे समर्थन देगी। इन दोनों ही सीटों पर उपचुनाव 28 मई को होगा।  

Ruby