कासगंज पुलिसकांड: फरार मुख्य आरोपी मोती सिंह पर 50 हजार का इनाम घोषित

punjabkesari.in Thursday, Feb 11, 2021 - 08:58 AM (IST)

कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासंगज सिपाही हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर शराब माफिया मोती सिंह की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। अलीगढ़ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पीयूष मोडिर्या ने बताया कि कासगंज घटना के मुख्य आरोपी के भाई एलकार सिंह को बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में काली नदी के किनारे मार गिराया था और इस दौरान मोती सिंह अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि मोती सिंह की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। फरार शराब माफिया के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगी है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार शाम मुखबिर की सूचना पर सिढपुरा थाने में तैनात उपनिरीक्षक अशोक कुमार और आरक्षी देवेन्द्र सिंह ग्राम नगला धीमर कटरी में कच्ची शराब की फैक्ट्री पर छापा मारने गए थे। जहां हुब्बलाल के पुत्र मोती और एलकार के अलावा करीब 6 लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर कर फायरिंग शुरू कर दी और नजदीक आते ही लाठी डंड़ों एवं भालों से हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले में अशोक कुमार गम्भीर रूप से घायल हो गए जबकि देवेन्द्र कुमार की मौत हो गई। बदमाश उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्टल एवं कारतूस भी लूट कर ले गए।

Content Writer

Anil Kapoor