कासगंज हिंसा: 26 जनवरी से 6 फरवरी तक 16 FIR और 49 गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Feb 07, 2018 - 10:58 AM (IST)

कासगंजः कासगंज हिंसा को लेकर पुलिस ने सोमवार को पहली बार सांप्रदायिक हिंसा की धारा 153 (ए) में केस दर्ज किया। वहीं मंगलवार को हिंसा में दूसरा मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें व्हाट्सएप ग्रुप चलाने वाले 2 एडमिन को नामजद किया गया। इन पर सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर आपत्तिजनक और भड़काऊ संदेश आदि अपलोड करने का आरोप है। साथ ही पुलिस ने कल एक और आरोपी सलमान को भी गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 1 देशी पिस्तौल और 2 कारतूस बरामद हुए है।

26 जनवरी से 6 फरवरी तक
बता दें कि 26 जनवरी से 6 फरवरी तक कासगंज हिंसा में 16 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा अब तक 49 लोगों की गिरफ्तारी, 63 के खिलाफ नामजद केस दर्ज हुआ है, जबकि 271 अज्ञात हैं। सबसे ज्यादा 5 एफआईआर थाना प्रभारी कासगंज रिपुदमन सिंह ने दर्ज करवाई हैं।

व्हाट्सएप के जरिए नफरत फैलाने वाला गिरफ्तार
पुलिस ने सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाने वाले राम सिंह और ग्रुप मेंबर अजय गुप्ता के खिलाफ नफरत फैलाने का मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में पुलिस ने ग्रुप एडमिन राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अजय गुप्ता फरार है। वहीं फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप, ट्विटर, इंस्टाग्राम, बल्क मैसेज सर्विसेज सहित पूरी सोशल मीडिया पर पुलिस पैनी नजर रखे हुए है।

क्या था मामला? 
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस के दिन कासगंज में तिरंगा यात्रा निकालने के दौरान 2 पक्षों के बीच हिंसा हुई थी, जिसमें चंदन गुप्ता (22) नामक एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। युवक की हत्या के बाद से कासगंज में हिंसा और आगजनी शुरू हो गई थी।