केशव मौर्य ने BJP में नेतृत्व परिवर्तन का किया खंडन, कहा- योगी के मार्गदर्शन में ही चल रही सरकार

punjabkesari.in Wednesday, Jun 16, 2021 - 11:16 PM (IST)

बरेली: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनता पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की खबरों का खंडन करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सरकार चल रही है और कहीं कोई दिक्कत नहीं है। 

बता दें कि बुधवार को उप मुख्यमंत्री ने 416.78 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास किया और 383 करोड़ की परियोजना लोकार्पण किया। इसके बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुये कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। भाजपा विश्व की सबसे बडी राजनीतिक पार्टी है। सपा ,बसपा और कांग्रेस की तरह भाजपा कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नही है। भाजपा का सामूहिक नेतृत्व है। राष्ट्रीय संगठन है। संसदीय बोर्ड तय करेगा कि किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जायेगा। अभी तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कुशल नेतृत्व साथ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2022 के चुनाव में 300 से ज्यादा सीट जीतकर सरकार बनाएगी। जो लोग मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे तो उनके सपने चकनाचूर हो जायेंगे। सपा, बसपा और फिर सपा शासनकाल के 15 सालों मे सरकार ने जितना काम नहीं किया है, उत्तर प्रदेश में हम लोगों ने चार साल के अंदर करके दिखाया है। प्रदेश और केंद्र सरकार की विभिन्न प्रकार की कोई योजनाएं हैं गांव के गरीब तक पूरी तरह से पहुंचाने की सर्वाधिक सफलता की है।       

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिनों से राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण करने के लिए जमीन को लेकर विरोधियों के द्वारा दुष्प्रचार किया जा रहा है। राम मंदिर के नाम पर विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा है। फर्जी अफवाह फैलाई जा रही हैं लेकिन राम भक्त अपनी जगह पर अडिग हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने राम भक्तों के खून से होली खेली है वहीं कांग्रेस पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में राम को काल्पनिक बताया था। जनता यह सब अच्छी तरीके से समझती है विरोधी इसलिए अफवाह फैला रहे हैं कि ठीक एक साल के बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहा है लेकिन विरोधियों की चाल किसी भी रूप में सफल नहीं होगी। भाजपा ने 4 साल जो कार्य किए हैं वह जनता के समक्ष हैं।      

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static