बसपा और सपा ने किया प्रदेश को तबाह: मौर्य

punjabkesari.in Friday, Dec 16, 2016 - 12:35 PM (IST)

बुलंदशहर: नगर के नुमाइश मैदान के रविन्द्र नाट्यशाला में भाजपा युवा सम्मलेन का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता युवा सम्मेलन के जिला संयोजक दीपक दुल्हैरा ने तथा संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता विकास चौहान ने किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य रहे। कार्यकर्त्ताओं से मौर्य ने कहा कि बसपा और सपा ने प्रदेश को तबाह कर दिया है। क्योंकि दोनों ही सरकारों ने पूरे प्रदेश में लूट व भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं।

सपा राज में भ्रष्टाचार,लूट, हत्या का बोलबाला
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है लूट, हत्या, अपहरण, बलात्कार से सारा प्रदेश कांप रहा है। आज एक आदमी अपने आपको भययुक्त महसूस कर रहा है पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं बची है, ऐसा लगता है कि प्रदेश में गुंडाराज है। जगह-जगह लड़कियों से गैंगरेप हो रहे हैं। पुलिस कर्मियों की हत्या हो रही हैं, सपा सरकार में अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। आज भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो पूरे प्रदेश से गुंडाराज खत्म कर सकती है।

अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यक्रम
नगर के नुमाइश मैदान में आयोजित भाजपा युवा सम्मेलन अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया और कार्यकर्त्ताओं ने जम कर हंगामा किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम सुबह आयोजित होना था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य करीब 3 बजे के बाद कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान जब उनका स्वागत समारोह चल रहा था तो स्वागत न होने के कारण भाजपा के कार्यकर्त्ताओं ने मंच पर चढ़ कर जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। कई बार तो कार्यकर्त्ता बेकाबू हो गए। भाजपा के जनपद के नेता काफी देर तक भाजपा के कार्यकर्त्ताओं को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे थे, परंतु जब भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी राज सिंह, विकास चौहान, अनिल सिसौदिया, धर्मेन्द्र काली, जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल जब कार्यकर्त्ताओं को समझाने का प्रयास कर रहे थे तो कार्यकर्त्ताओं ने जम कर हंगामा किया। इस दौरान कार्यकर्त्ताओं में जम कर धक्का-मुक्की भी हुई।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें