केशव मौर्य ने मायावती पर साधा निशाना, कहा- गरीबों का धन नहीं लूटती तो यह दिन नहीं देखना पड़ता

punjabkesari.in Friday, Mar 09, 2018 - 12:07 PM (IST)

इलाहाबादः उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इलाहाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा करते हुए कहा कि आजादी के 70 साल में पहली बार जलालपुर सोरांव में कोई मुख्यमंत्री पहुंचा है। फूलपुर की जनता ने पंडित नेहरू से ज्यादा वोटों से मुझे जिताया। फूलपुर लोकसभा की जनता तय करें कि उसको विकास का कमल चाहिए कि गुंडागर्दी। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिजली में सुधार हुआ। फूलपुर में भाजपा ने सड़कों का जाल बिछाया।

बसपा ने गरीबों का धन नहीं लूटा होता तो ये दिन नहीं देखना पड़ता
डिप्टी सीएम ने सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बसपा ने गरीबों का धन नहीं लूटा होता तो ये दिन नहीं देखना पड़ता। सपा ने विकास किया होता तो वनवास नहीं झेलना पड़ता। बुआ-भतीजा यूपी को 14 साल में गर्त में ले जाने का काम किए थे। भाजपा सरकार ने एक साल में फूलपुर का रिकार्ड विकास किया है।

अतीक अहमद को बताया आतंक का पर्याय 
केशव मौर्य इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने बाहुबली निर्दलीय प्रत्याशी अतीक अहमद को आतंक का पर्याय बताते हुए कहा कि हाथी के साइकिल पर सवार होने से साइकिल चकनाचूर हो गई है। अखिलेश चाहे अतीक को भी साइकिल पर बैठा लें कमल ही खिलेगा। 2018 के उप चुनाव में 100 में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है। कमल का फूल विकास और सुशासन का प्रतीक है।

2018 उप चुनाव 2019 का ट्रायल 
साथ ही उन्होंने कहा कि 2018 उप चुनाव 2019 का ट्रायल है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस तीनों भी मिल जाएं तब भी कमल ही खिलेगा। इतना ही नहीं डिप्टी सीएम ने भाजपा के लिए एक नारा भी दिया। उन्होंने कहा कि विश्वास करो तुम मोदी पर, विश्वास करो तुम योगी पर, ये नव युग के निर्माता हैं। ऐसे पुरुष एक बार ही आते हैं। केशव ने कहा कि देश मोदी और प्रदेश योगी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। विकास के लिए पैसा चाहिए तो लक्ष्मी कमल पर ही बैठकर आएगी। वहीं केशव मौर्य ने फूलपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी कौशलेन्द्र सिंह पटेल के लिए लोगों से समर्थन भी मांगा।