47 के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाएगी सपा: केशव मौर्य बोले- समाप्तवादी पार्टी लिखने की शुरूआत करेगी रामपुर की जनता

punjabkesari.in Monday, Feb 07, 2022 - 09:57 PM (IST)

रामपुर: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने का दावा करते हुये कहा कि रामपुर की जनता समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम समाप्तवादी पार्टी लिखने की शुरूआत करेगी।       

अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से पहुंचे मौर्य ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुये सपा के कद्दावर नेता आजम खान को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा ‘‘ जो पूरे उत्तर प्रदेश में दंगे कराने का काम करते थे। उनकी हेकड़ी निकाल देने का काम भाजपा सरकार ने किया। अभी कितने दिन जेल में रहना पड़ेगा जितने अपराध किए हैं इसकी कोई सीमा नहीं।''  उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा की सरकार बनने के बाद गुंडागर्दी का खात्मा हुआ है जिनके कारण उत्तर प्रदेश दंगे की आग में सुलगता रहा, आज वह जेल में पड़े मिमिया रहे हैं। कहते हैं मैंने बकरी नहीं चुराई,मैने भैंस नहीं चुराई है। जब सपा की सरकार थी तो लोगों की सुरक्षा को खतरे में डाल कर मोहम्मद आजम खान आपकी भैंस को खोजने में ही पुलिस लगी रहती थी।''        

उप मुख्यमंत्री ने कहा ,‘‘ अखिलेश की पार्टी इस चुनाव में पिछली संख्या 47 को भी पार नहीं कर सकेगी। जब रामपुर नहीं जीत सकते, मैनपुरी नहीं जीत सकते, इटावा नहीं जीत सकते, तो यह 2017 की 47 की संख्या भी पार नहीं कर सकते हैं। यहां से आजम खान नहीं जीतने वाले हैं और मैनपुरी से अखिलेश नहीं जीतने वाले हैं।'' उन्होंने कहा कि 10 मार्च को 11 बजे उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी का नाम बदलकर समाप्तवादी पार्टी लिखने वाली है और उसकी शुरुआत रामपुर से होगी। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों के गिनाते हुये किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन आदि योजनाओं का जिक्र किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static