प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा लेकर उरई पहुंचे खाबरी: BJP सरकार पर बोला हमला, ‘विपक्ष सरकार की खोल रही आंख-कान’

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2022 - 11:14 PM (IST)

उरई: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में पार्टी की प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा जालौन के उरई पहुंची। यात्रा औरैया से होते हुए जालौन के उरई स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय पहुंची। यात्रा को कांग्रेस कार्यालय से राष्ट्रगान के बाद उरई के विभिन्न चौराहों से निकाला गया, जो अंबेडकर चौराहे होते हुए झांसी के लिए रवाना हुई।

यात्रा में शामिल खाबरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में चीन लगातार अरुणाचल, सिक्किम सहित अन्य इलाकों में भारतीय सेना पर हमला कर रहा है, मगर सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाते हुए लगातार सरकार के आंख कान खोल रही है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद भी पेट्रोल डीजल और एलपीजी के दामों में सरकार द्वारा कटौती नहीं की जा रही है। इसीलिए इस बेशर्म सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली है।

खाबरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भाजपा के हिंदूवादी का ढोंग का पर्दाफाश कर दिया है। भाजपा अपने आपको हिंदूवादी कहती है हिमाचल में मुस्लिम आबादी तीन प्रतिशत भी नहीं है। हिमाचल में 97 प्रतिशत हिंदू होने के बाद भी भाजपा सरकार नहीं बना पाई। भाजपा सिर्फ हिंदूवादी होने का ढोंग रचती है, भाजपा सरकार में देश पूरी तरीके से असुरक्षित है।

Content Writer

Mamta Yadav