भाजपा नेताओं के बीच चले लात-घूसे, कम सदस्य बनाने पर हुआ विवाद...बचाव करने लगे जिलाध्यक्ष

punjabkesari.in Friday, Sep 20, 2024 - 04:53 PM (IST)

मेरठ: यूपी में होने वाले उचुनाव से पहले भाजपा सदस्यता अभियान जोरों-शोरों के साथ चला रही है। इसी बीच मेरठ जिले में सदस्य का पता नहीं लेकिन बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जमकर लात-घूसे चले हैं। कार्यकर्ता एक दूसरे को गाली देते हुए मारपीट करते रहे। बीच-बचाव के दौरान जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा का कुर्ता फट गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। मामला रजपुरा ब्लॉक कार्यालय का है।

जानिए क्या था पूरा मामला? 
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रजपुरा ब्लॉक कार्यालय में भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर रजपुरा मंडल की बैठक चल रही थी। बैठक में जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा भी मौजूद थे। तभी अचानक दुष्यंत नाम का एक कार्यकर्ता उठा और कहा कि सदस्य कहां बन रहे हैं, ये तो सपा-बसपा वाले हैं, जो भाजपा में आए हैं। अब भाजपा के बन रहे हैं। खुद को भाजपाई कहते हैं। इस पर कार्यकर्ताओं ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते सदस्यता अभियान अखाड़े में तब्दील हो गया।

नहीं बने सदस्य तो हो गया विवाद
बैठक के दौरान कार्यकर्ता दुष्यंत के इसी बात पर दूसरे भाजपाई गुस्सा हो गए और उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। तभी वहां मौजूद कार्यकर्ता देवेंद्र भड़ौली, दूसरी पार्टी से आए कार्यकर्ता कौशल और रविंद्र पुंडीर के भांजे तरुण तोमर ने इसका विरोध किया। तरुण ने कहा कि तुम अपनी चिंता करो। तुम भी दूसरी पार्टी के लोगों को सदस्य बना लो। जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा ने दुष्यंत और तरुण दोनों को मीटिंग से बाहर निकाल दिया। बाहर जाते ही दोनों कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों में हाथापाई हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को हटाया। दोनों के समर्थक भी भिड़ गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट की घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा भी भगवा कुर्ते में नजर आ रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। तो नाराज भाजपाइयों ने उनके साथ भी अभद्रता कर दी। इसके बाद जिलाध्यक्ष खुद वहां से हट गए। कार्यकर्ता आपस में लड़ते रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Imran

Related News

static