किडनी के लिए पत्नी की हत्या, शव लेकर फरार हुआ पति!

punjabkesari.in Thursday, Jun 14, 2018 - 01:12 PM (IST)

मेरठ(आदिल रहमान)-उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितयाें में माैत हाे गई। मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर गुर्दे के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस तफ्तीश में जुट गईं है।

मामला मेरठ के टीपी नगर थाना अन्तर्गत में पड़ते एक इलाके का है। मृतक महिला अंजू की शादी 5 साल पहले ट्रक ड्राइवर विक्की से हुई थी। अंजू का विक्की के साथ अक्सर विवाद रहता था। बताया जा रहा है कि दहेज के लिए विक्की कई बार अंजू की पिटाई कर चुका है। इतना ही नहीं विक्की अपनी बहन जिसके गुर्दे खराब थे उसके लिए अंजू पर गुर्दे दान करने का भी दबाव बनाता था। उसकी वजह से भी दाेनाें में अक्सर विवाद हाेता रहता था। वहीं बुधवार काे देर रात महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने उसके पति व उसके घरवालों पर दहेज उत्पीड़न और उसे ज़हर देकर जान से मारने का आरोप लगाया, साथ ही उसका शव भी गायब करने की बात कही। 

मृतका के परिजनों ने बताया कि विक्की की बहन गुड्डन के दोनों गुर्दे खराब हो चुके हैं जिसके कारण आए दिन विक्की अपनी पत्नी अंजू से शराब के नशे में धुत होकर घर आने पर लड़ाई झगड़ा किया करता था। वह अपनी पत्नी पर आए दिन अपना एक गुर्दा देने और दहेज की मांग करता था जिसको लेकर पति पत्नी में विवाद बना रहता था। 

विक्की ने कल देर रात शराब के नशे में अंजू के साथ मारपीट की और फिर उसे ज़हर देकर मार दिया और साथ ही उसका शव लेकर फरार हो गया जिसका कोई सुराग नहीं लगा है। कार्रवाई की मांग के लिए परिजन पुलिस की शरण में पहुँचे जहां पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Ajay kumar