जन्मदिन विशेष: जानिए मुलायम का नेताजी बनने तक का चुनौतियों भरा सफर

punjabkesari.in Wednesday, Nov 22, 2017 - 10:04 AM (IST)

लखनऊ: मुलायम सिंह आज 22 नवंबर को 76 साल के हो चुके हैं। मुलायम सिंह  समाजवादी पार्टी के एक भारतीय राजनेता हैं, जो उत्तर प्रदेश के 3 बार मुख्यमंत्री व केंन्द्र सरकार में एक बार रक्षा मन्त्री रह चुके हैं। वर्तमान में यह भारत की समाजवादी पार्टी के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने अपना जन्मदिन अपने सबसे करीबी आज़म खान के साथ उनके गृहशहर रामपुर में 76वें जन्मदिन का जश्न मनाया। आज़म खां ने उनके जन्मदिन पर शानदार इंतजाम किया। जहां लंदन से विक्टोरिया बग्घी मंगाई गई, वहीं 75 फीट केक तैयार कराया गया। मुलायम पर अब तक 28 किताबें लिखी गईं हैं। सभी में कुछ न कुछ नया तथ्य शामिल किया गया है।

समाजवादी पार्टी आज बेशक आंतरिक कलह से जूझ रही है, लेकिन एक दौर में राजनीति में मुलायम सिंह का सिक्का पुजता था।  वो किंग से लेकर किंग मेकर तक की भूमिका अदा कर चुके हैं। आज की राजनीति में जमीनी स्तर का उनसे बड़ा समाजवादी नेता कोई नहीं है। 76 साल पहले आज ही के दिन साल 1939 में उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में मुलायम सिंह यादव का जन्म हुआ था।

उनका परिवार पहले बेशक राजनीति राजनीति से न जुड़ा हो, लेकिन आज उनके परिवार के कण-कण में राजनीति बसती है।देश में उनके परिवार से बड़ा राजनीतिक परिवार शायद ही हो। भाई, भतीजा, बेटा और बहु हर कोई ब्लॉक और पंचायत स्तर से लेकर संसद तक प्रतिनिधित्व कर रहा है। आज मुलायम जहां खड़े हैं बेशक वो पायदान राजनीति में काफी ऊंचा है, लेकिन उनकी उड़ान जमीन से शुरू हुई थी। जो काफी विस्तारित दिखाई देती है। डालिए उनके निजी से राजनीति जीवन पर एक नजर।

मुलायम की पहली शादी की 5 खास बातें
-
पांच भैंसगाड़ियों में गई थी मुलायम की बारात।
- 1957 में शादी के वक्त 18 साल के थे मुलायम।
- शादी के दिन मुलायम ने पहना था पीले रंग का कुर्ता और सफेद पाजामा।
- शादी के पांच साल बाद 1962 में हुआ था गौना।
- मालती देवी के फूफा ने तय कराई थी शादी।

मुलायम की दूसरी शादी की 5 खास बातें
- मुलायम सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के हलफनामे में कबूली थी अपनी दूसरी शादी।
- मुलायम की दूसरी पत्नी का नाम साधना गुप्ता है, प्रतीक यादव उनके ही बेटे हैं।
- साधना गुप्ता 1999 में अखिलेश-डिंपल की शादी के भोज में पहली बार सार्वजनिक रूप से आई थीं नजर।
- प्रतीक यादव करते हैं रियल स्टेट का बिजनेस, प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव करती हैं समाज सेवा।
- अपर्णा यादव कैंट विधानसभा से थी सपा की प्रत्याशी।

मास्टरी से मुख्यमंत्री तक
22 नवंबर 1939 को मुलायम सिंह एक साधारण परिवार में जन्मे। उन्होंने अपने शैक्षणिक जीवन में B.A, B.T और राजनीति शास्त्र में M.A की डिग्री हासिल की। उनकी पूरी पढ़ाई केके कॉलेज इटावा, एक.के कॉलेज शिकोहाबाद और बीआर कॉलेज आगरा यूनिवर्सिटी से पूरी हुई।

मालती देवी से शादी के बाद साल 1973 में मुलायम सिंह के घर उनके इकलौते बेटे अखिलेश यादव ने जन्म लिया, लेकिन तब तक वो राजनीति की दुनिया में अपने कदम जोरदार तरीके से जमा चुके थे। राजनीति में कूदने के लिए उन्हें प्रेरित करने वाली शख्सियत का नाम राम मनोहर लोहिया था।

साल दर साल राजनीतिक सफर
1960: मुलायम सिंह राजनीति में उतरे
1967: पहली बार विधानसभा चुनाव जीते, MLA बने
1974: प्रतिनिहित विधायक समिति के सदस्य बने
1975: इमरजेंसी में जेल जाने वाले विपक्षी नेताओं में शामिल
1977: उत्तर प्रदेश में पहली बार मंत्री बने, कॉ-ऑपरेटिव और पशुपालन विभाग संभाला
1980: उत्तर प्रदेश में लोकदल का अध्यक्ष पद संभाला
1985-87: उत्तर प्रदेश में जनता दल का अध्यक्ष पद संभाला
1989: पहली बार UP के मुख्यमंत्री बनकर कमान संभाली
1992: समाजवादी पार्टी की स्थापना कर, विपक्ष के नेता बने
1993-95: दूसरी बार यूपी के मुख्यमंत्री पद पर काबिज़ रहे
1996: मैनपुरी से 11वीं लोकसभा के लिए सांसद चुने गए. केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री का पद संभाला
1998-99: 12वीं और 13वीं लोकसभा के लिए फिर सांसद चुने गए
1999-2000: पेट्रोलियम और नेचुरल गैस कमेटी के चेयरमैन का पद संभाला
2003-07: तीसरी बार यूपी का मुख्यमंत्री पद संभाला
2004: चौथी बार 14वीं लोकसभा में सांसद चुनकर गए
2007: यूपी में बसपा से करारी हार का सामना करना पड़ा
2009: 15वीं लोकसभा के लिए पांचवीं चुने
2009: स्टैंडिंग कमेटी ऑन एनर्जी के चेयरमैन बने
2014: उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ से सांसद बने
2014: स्टैंडिंग कमेटी ऑन लेबर के सदस्य बने
2015: जनरल पर्पस कमेटी के सदस्य बने