Kumbh Mela-2025: संगम तट पर 4 हजार हेक्टेयर में बसाया जाएगा मेला, 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

punjabkesari.in Saturday, Sep 30, 2023 - 04:52 PM (IST)

Kumbh Mela-2025: उत्तर प्रदेश में दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कुंभ मेला-2025 में गंगा, श्यामल यमुना और अन्त: सलिला स्वरूप में प्रवाहित सरस्वती के संगम तट पर चार हजार हेक्टेयर में बसाया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संगम की रेती पर आस्था और विश्वास का यह सबसे बड़ा मेला है। त्रिवेणी की रेती पर अस्थायी तंबुओं के अनोखे शहर में श्रद्धालुओं को गंगा और यमुना के तटों पर आवागमन के लिए 30 पंटून पुलों को तैयार कराया जाएगा।



इस बार कुंभ में दुनिया से करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के मेले में पहुंचने की उम्मीद है। वर्ष 2019 के अर्ध कुंभ में करीब 25 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और लुप्त सरस्वती के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगायी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मेला प्राधिकरण की 15वीं बोर्ड बैठक में सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। मेला क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 25 सेक्टरों में बांटा जाएगा। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 14500 लाख टॉयलेट बनाए जाएंगे। उसकी साफ सफाई के लिए दस हजार सफाई कर्मी आबद्ध किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 के अर्ध कुंभ को 3200 हेक्टेअर में बसाया गया था जबकि इस 2025 में 800 हेक्टेयर क्षेत्रफल की बढ़ोतरी के साथ चार हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में बसाया जाएगा।



इस दौरान श्रद्धालुओं के आवागम के लिए 22 पंटून पुलों को तैयार कराया गया था जबकि इस बार श्रद्धालुओं की अधिकता के अंदेशे को देखते हुए 30 पंटून पुल तैयार कराया जाएगा। त्रिवेणी की रेती पर मकर संक्रांति स्नान पर्व से शुरू होकर महाशिवरात्रि तक करीब 45 दिनों तक चलने वाले दिव्य और भव्य कुंभ के दौरान कल्पवासी एक मास का कायाशोधन का कल्पवास भी करेंगे। इस दौरान पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि छह स्नान पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाएंगे।

Content Editor

Pooja Gill