कुशीनगर: विदेश में युवक की हत्या का पहुंचा संदेश, परिजनों में मचा कोहराम... शव मंगाने के लिए विदेश मंत्री से लगाई गुहार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 06:53 PM (IST)

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के जीवनोपार्जन के लिए विदेश में गए कसया थानाक्षेत्र के साखोपार (बहोरापुर) निवासी 30 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। 7 सदस्यी परिवार के लोगों के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत की खबर ने सबको झकझोर दिया। पीड़ित परिवार ने कुशीनगर सांसद विजय दुबे को ज्ञापन सौंप सरकार से युवक का शव स्वदेश लाने की मांग की है।



बहोरापुर निवासी 30 वर्षीय रोशन पटेल पुत्र राजेंद्र पटेल तीन माह पहले दुबई कमाने गया था। वहां वह एक कंपनी में मजदूरी करता था। तीन दिन पहले पत्नी सुनीता देवी को उसकी मौत की सूचना मिली। कंपनी के कर्मचारियों ने सुनीता को बताया कि पति रोशन की हत्या हो गई है। उसने बताया कि रोशन के साथ बांग्लादेश और पाकिस्तान के दो युवक काम करते थे। कोई विवाद होने पर दोनों रोशन को सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसकी हत्या कर शव को रेत में दबा दिया। रोशन के लापता होने पर दुबई पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से जानकारी जुटाई। दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस ने शव बरामद किया। पत्नी ने रविवार को विदेश मंत्री को संबोधित प्रार्थनापत्र सांसद विजय कुमार दुबे को देकर मदद की गुहार लगाई।



दो भाइयों में रोशन बड़ा था। उसके कंधे पर पत्नी, माता-पिता, छोटे भाई के अलावा एक बेटे और बेटी की जिम्मेदारी थी। परिजनों का कहना है कि दुबई की कंपनी बकरीद के बाद रोशन का शव भेजने की बात कह रही है। पिता राजेंद्र पटेल ने कहा कि बेटे का शव घर पहुंच जाएगा तो विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर सकेंगे। उन्होंने शव लाने की मांग की है।

Content Writer

Mamta Yadav