Lalchi Dulha: सज-धज कर दुल्हन मंडप में करती रही इंतजार…फेरों से पहले दूल्हा हुआ रफूचक्कर

punjabkesari.in Friday, Feb 10, 2023 - 07:25 PM (IST)

फिरोजाबाद: देश में पिछले कई दशकों से दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा को पूरी तरह से खत्म करने के लिए सरकार और प्रशासन की तरफ से कई अभियान चलाए जाते रहे हैं। इसके बावजूद देश के कई राज्यों से इससे जुड़ी कई घटनाएं सुनने को मिलती रहती है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले से सामने आया है, जहां शिकोहाबाद क्षेत्र में दहेज में स्कार्पियो कार की मांग पूरी न होने पर दूल्हा विवाह मंडप में जाने से पहले रफूचक्कर हो गया। दुल्हन के परेशान परिजनों ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।
PunjabKesari
फेरों से पहले दूल्हे ने की स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बीती रात को स्टेशन रोड स्थित गेस्ट हाउस में फरुर्खाबाद से एक युवक की बारात आई थी लेकिन दहेज में दूल्हे की स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा शादी के सात फेरों से पहले गायब हो गया। उन्होंने बताया कि शिकोहाबाद के एक गेस्ट हाउस में राजेंद्र यादव की पुत्री विनीता की शादी फरुर्खाबाद निवासी सुरेश यादव के पुत्र ललित यादव के साथ संपन्न हो रही थी। बारात चढ़ने के बाद जयमाला का कार्यक्रम भी हंसी-खुशी संपन्न हो गया था लेकिन शुक्रवार को सुबह जब शादी के साथ फेरों के लिए दूल्हे को बुलवाया गया तो दूल्हा गेस्ट हाउस से गायब था।      
PunjabKesari
दुल्हन शादी के फेरों के लिए मंडप में दूल्हे का करती रही इंतजार 
लड़की के पिता ने बताया कि दूल्हा ललित यादव ने अचानक स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग रख दी थी जो एकदम संभव नहीं थी इसीलिए वह नाराज होकर गायब हो गया है। फोन नंबर पर भी संपर्क नहीं हो रहा है। दूल्हे के गायब होने की जानकारी मिलने पर अन्य बाराती और परिजन भी धीरे-धीरे गायब हो गए जबकि दुल्हन शादी के फेरों के लिए मंडप में दूल्हे का इंतजार ही करती रही। लड़की के पिता द्वारा ललित यादव और सुरेश यादव के खिलाफ दहेज की खातिर शादी तोड़ने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी हरिवेन्द्र मिश्रा का कहना है पीड़ित कन्या पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static