UP Assembly election 2022 को लेकर बोले लल्लू- कांग्रेस की 70 साल की उपलब्धियां व BJP की विफलताओं की जानकारी देंगे हम

punjabkesari.in Tuesday, Jul 06, 2021 - 09:14 PM (IST)

झांसी:  कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश की वीरांगना नगरी झांसी में भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि साढ़े चार साल में उत्तर प्रदेश जंगलराज में तब्दील हो गया है। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में यहां पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने आज प्रभातफेरी के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाने साधे ।लल्लू ने कहा कि भाजपा की साढ़े चार वर्षों के शासनकाल में किसान आत्महत्या करने पर विवश है, गरीब परेशान है, नौजवान बेरोजगारी का दंश झेल रहा है, उत्तर प्रदेश जंगल राज में तब्दील हो चुका है।

उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षित नहीं है, कोरोना काल में लाखों की संख्या में लोगों ने दम तोड़ा है, चार साल में 500 से अधिक लोग जहरीली शराब पीने से मरे हैं, बुंदेलखंड में जानवरों की सबसे बड़ी समस्या है, कर्ज की समस्या है, बिजली के बड़े हुए दाम के नाते आम आदमी परेशान है। सरकार की इन सारी विफलताओं को हम कार्यकर्ताओं को बता रहे हैं और निश्चित तौर से हमारा एक एक कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर घर-घर लोगों को जानकारी देकर 2022 में कांग्रेस की वापसी कराएगा।

लल्लू ने कहा कि वह प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की 70 साल की उपलब्धियां व भाजपा सरकार की विफलताओं की जानकारी देंगे। इन्हीं को घर-घर तक पहुंचाकर 2022 का विधानसभा चुनाव में विजय हासिल करेंगे। हम जमीन पर जाकर सरकार के काले कारनामों को जनता तक कैसे पहुंचाएं, एकजुट कैसे हों, हमारी रणनीति कैसी हो और जो पिछले 70 साल में कांग्रेस सरकार ने किया गांव, गरीब, खेत खलियान, किसानों के लिए नौजवानों के लिए किए। उन जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रहे हैं।       

 

 

Content Writer

Moulshree Tripathi