लल्लू ने BJP पर कसा तंज,कहा- लोकतंत्र को खंडित करने का काम कर रही सरकार

punjabkesari.in Sunday, Aug 15, 2021 - 06:34 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश मुख्यालय पर झंडारोहण कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, जिन लोगों को आजादी की लड़ाई में कोई इतिहास नहीं है वह देश की एकता और लोकतंत्र को खंडित करने का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल जैसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान के बलबूते पर काफी संघर्ष और कीमत चुकाने के बाद हमें यह आजादी प्राप्त हुई है। इनकी वजह से ही दुनिया भर में भारत मजबूत लोकतांत्रिक देश के रूप में स्थापित है। देश की एकता व अखण्डता के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व भारत रत्न राजीव गांधी ने भी शहादत दी।

राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को बंद होने पर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, वर्तमान सरकार नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को छीनने का षड्यंत्र करके लोगों की आवाज दबा रही है। देश युवाओं, किसानों, महिलाओं के स्वाभिमान, सम्मान की रक्षा करने में सरकार पूरी तरह फेल साबित हो चुकी है। भाजपा सरकार में आज देश का किसान, व्यापारी अपनी मेहनत की उचित कीमत नहीं पा रहा है। बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, कालाबाजारी के साथ ही भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया भर में कमजोर होती जा रही है। देश में बेरोजगारी व महिला उत्पीड़न में लगातार वृद्धि हुई है। परंतु सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जब कोई विपक्षी पार्टी को नेता सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसके ऊपर फर्जी मुकदमा दर्ज करने का काम सरकार कर रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी किसानों, नौजवानों बेरोजगारों के खिलाफ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

Content Writer

Ramkesh