महिला सिपाही से बलात्कार करने वाला मकान मालिक का बेटा गिरफ्तार, अश्लील वीडियो से कर रहा था ब्लैकमेल

punjabkesari.in Tuesday, Jun 15, 2021 - 07:16 PM (IST)

इटावा: उत्तर प्रदेश की इटावा पुलिस ने मंगलवार को महिला सिपाही को नशीला पदार्थ खिलाकर बलात्कार करने वाले मकान मालिक के बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा.ब्रजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां फ्रैंडस कालौनी थाने में तैनात महिला सिपाही विजयनगर मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। उसका आरोप था कि मकान मालिक के बेटे कन्हैया ने 15 अगस्त 2019 को शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश होने पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसका वीडियो भी बना लिया था।       

उन्होंने बताया कि आरोपी लगातार महिला सिपाही को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठता रहा। इसके साथ ही वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने महिला सिपाही के साथ 22 मई को बलात्कार किया। आरोपी ने महिला सिपाही को जान से मारने की धमकी भी दी थी। सिंह ने बताया कि युवक की हरकतों से परेशान होकर महिला सिपाही ने थाने में आप बीती सुनाई और अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई।

पीड़िता की तहरीर पर 29 मई को फ्रैंड्स कालोनी पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी, एससीएसटी एक्ट, आईटी एक्ट में रिपोटर् दर्ज की थी। उन्होंने बताया कि मामला सामने आने पर जांच में आरोप की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी कन्हैया शर्मा को फ्रैंडस कालोनी पुलिस ने आज भरथना ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Content Writer

Umakant yadav