करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज मामले ने पकड़ा तूल, RLD कार्यकर्ताओं ने CM खट्टर का फूंका पुतला

punjabkesari.in Monday, Aug 30, 2021 - 12:21 PM (IST)

मुजफ्फरनगर: राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के कई कार्यकर्ताओं ने करनाल में 28 अगस्त को किसानों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का पुतला जलाया। पार्टी कार्यकर्ता पिन्ना गांव में जमा हुए और उन्होंने हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

बता दें कि शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित करने वाले किसानों के एक समूह पर पुलिस ने कथित रूप से लाठीचार्ज किया था, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए थे। ये किसान भाजपा की एक बैठक का विरोध करने के लिए करनाल की ओर जा रहे थे। पुलिस ने हालांकि चार प्रदर्शनकारियों के घायल होने की बात कही। उनका कहना है कि इस घटना में 10 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।

किसानों पर की गई कार्रवाई की वजह से हरियाणा पुलिस को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शनिवार को इस घटना के विरोध में कई स्थानों पर टोल प्लाजा, सड़कों, राजमार्ग को बाधित कर दिया गया था।

Content Writer

Umakant yadav