रंगीला चौक में लठामार होली नहीं खेल सके CM योगी, बताई जा रही ये वजह

punjabkesari.in Sunday, Feb 25, 2018 - 09:27 AM (IST)

मथुरा: बरसाने में हुरियारिनों के लठ्ठों की प्रेम पगी मार खाने के बाद नंदगांव के हुरियारे नंदगांव में होली खेलने का न्यौता देकर उल्लासित मन से नंदगांव लौट गए। लठामार होली रविवार को नंदगांव में खेली जाएगी। हालांकि मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर लठामार होली नहीं खेल सके।

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन रंगीली लठामार होली को समझने में नाकाम रहा। प्रशासन की इस नाकामी ने पहली बार बरसाना की लठमार होली खेलने आए 2 प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों का सपना भी पूरा नहीं हो सका। बरसाना में रंगीला चौक में आखिरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली नहीं खेल सके। इसके पीछे भीड़ और सुरक्षा वजह बताई जा रही है।

बताया जा रहा है सीएम योगी के आने से पहले प्रशासन रंगीला चौक में बड़ी भीड़ को कम कराने की कोशिश करता रहा लेकिन भीड़ को नहीं हटाया जा सका। एक लाख की क्षमता वाले रंगीला चौक में करीब 2 लाख की संख्या में भीड़ पहुंच गई। योगी के आने से प्रशासन की बंदिशों के कारण कुछ लोग परेशान जरुर हैं, लेकिन बरसाना काफी उत्साहित है। जो कमरा लठामार होली पर 300 रुपए में किराए पर मिलता था, वही कमरा इस बार 3000 रुपए में मिल रहा है। धर्मशाला और होटल पहले से बुक हो गए हैं।