बुलंदशहर हिंसा पर बोलीं मायावती- BJP शासन में कानून के रखवाले ही हो रहे हैं अराजकता का शिकार

punjabkesari.in Tuesday, Dec 04, 2018 - 01:37 PM (IST)

लखनऊ: बसपा अध्यक्ष मायावती ने कानून-व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा शासन में कानून के रखवाले ही अब अराजकता का शिकार हो रहे हैं। मायावती ने जारी बयान में कहा कि देश की राजधानी दिल्ली के नजदीक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में हुई हिंसा के लिए भाजपा सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि हर प्रकार की अराजकता को संरक्षण देने का ही परिणाम है कि विकास के लिए तरस रहे देश के सबसे बड़े राज्य में भाजपा का जंगलराज कायम है। कानून के रखवाले भी बलि चढ़ रहे हैं। यह बड़ी चिंता की बात है।

बुलंदशहर में हिंसक घटना का शिकार हुए पुलिस अधिकारी तथा एक निर्दोष युवक की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए मायावती ने कहा कि अब अराजगता के राज को खत्म करने का समय आ गया है। देश में कानून का राज स्थापित करने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करना चाहिए ताकि संविधान तथा लोकतंत्र को भीड़तंत्र की बलि चढऩे से रोका जा सके।

राजधानी लखनऊ में भाजपा के एक और युवा नेता प्रत्युष मणि त्रिपाठी की हत्या का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा कि भाजपा की बढ़ती हुई भीड़तंत्र की उग्र एवं हिंसक स्थिति का शिकार अब स्वयं इनके लोग ही होने लगे है। पहले दलितों, पिछड़ों, मुस्लिम तथा अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों को अपनी हिंसा व उग्रता का शिकार बनाने वाले ये अराजक लोग अब अपनी आदतों से मजबूर लगते हैं। ऐसी स्थिति में भी भाजपा की सरकारें सख्त कदम उठाने का अपना कर्तव्य निभाने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि बुलंदशहर की घटना में मृतकों के परिवारों को केवल समुचित अनुग्रह राशि देना ही उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार के लिए काफी नहीं होना चाहिए, बल्कि इस हिंसा के लिए सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। ताकि देश को ऐसा महसूस हो कि प्रदेश में कोई सरकार भी है।

Anil Kapoor