सिरफिरे आशिक ने छात्रा को सरेराह शीशे से गोदा, लेकिन पुलिस कर रही तहरीर का इंतजार

punjabkesari.in Sunday, Oct 29, 2017 - 04:00 PM (IST)

लखीमपुर खीरीः उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में उस समय हड़कंप मच गया जब   सिरफिरे आशिक ने एक छात्रा को शीशे से गोद डाला। इस घटना में छात्रा गंभीर रुप से घायल हो गई है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार एक लड़की चूड़ी की दुकान पर गई। वहीं उसका पीछा करते हुए अंशू दीक्षित नाम का लड़का भी दुकान पर पहुंच गया। दुकान पर दोनों की पहले तो बातचीत हुई। इसके बाद अचानक दोनों की किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।

शीशे से लड़की को किया जख्मी
दोनों की बहस इतनी हद तक बढ़ गई कि लड़के ने गुस्से में आकर दुकान के काउंटर का शीशा तोड़ दिया। इतना ही नहीं लड़के ने उसी शीशे से लड़की पर वार कर दिया। जिससे लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया। जिसके बाद लड़की को पहले गोला सीएचसी ले जाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।

आरोपी की तलाश जारी
इस मामले पर सीओ का कहना है परिवार वालो की तहरीर नहीं मिली है। पता चला है कि लड़का और लड़की एक दूसरे को पहले से जानते थे। अगर परिजन या कोई तहरीर करता है तो कार्रवाई होगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।