BJP को छोड़कर किसी भी दल से कर सकते हैं गठबंधन: शिवपाल

punjabkesari.in Saturday, Feb 09, 2019 - 10:40 AM (IST)

आगरा: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के मुखिया एवं पूर्व मंत्री शिवपाल यादव गठबंधन के मूड में आ गए हैं। फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद अब BJP छोड़ किसी भी दल से गठबंधन करने की बात कह रहे हैं। शुक्रवार को वे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद आए। यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि SP और BSP का गठबंधन बेमेल है।

पिछले दिनों फिरोजाबाद में हुई सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव की सभा का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सभा में राक्षस कहा गया था। ऐसा कहने वाले पहले अपने गिरेबान में झांकें। कौन कितने पानी में है, यह सब चुनाव में पता चल जाएगा। उन्होंने खुद की पार्टी के गठबंधन में शामिल होने की बात पर कहा कि भाजपा को छोड़कर कोई भी दल हमारे साथ आ सकता है। शिवपाल बोले कि अब सम्मान की लड़ाई है। जनता के लिए झाड़ू लगानी पड़े तो लगाएंगे। अंत में उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर उन्होंने फिरोजाबाद लोकसभा सीट को चुना है।

Anil Kapoor