विधायक हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप पर गिरी गाज, समाजवादी पार्टी ने किया निष्कासित

punjabkesari.in Monday, May 28, 2018 - 12:19 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों में जुट गई है। पिछले लोकसभा चुनाव, विधानसभा और नगर निगम चुनावों में मिली हार के बाद समाजवादी पार्टी में इस बार कई बदलाव किए गए हैं। इसके अलावा सपा के बागी और अनुशासन तोड़ने वाले नेताओं पर भी अखिलेश यादव ने नकेल कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के विधायक के पुत्र और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष को पार्टी से निकाल दिया है। 

जानकारी के मुताबिक जनपद फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के सिरसागंज से विधायक हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप यादव उर्फ छोटू को समाजवादी पार्टी से बाहर कर दिया गया है। विजय प्रताप पर पार्टी विरोधी और अनुशासनहीनता के आरोप लगे हैं। 

इसके बाद सपा हाईकमान ने उनके ऊपर यह कार्रवाई की है। विजय प्रताप यादव सिरसागंज से सपा विधायक हरिओम यादव के पुत्र हैं। पिछले कुछ दिनों से विधायक पिता और उनके पुत्र लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने बीते दिनों इन पर पंचायत सदस्यों को बेचने का आरोप लगाया था।

सपा महासचिव रामगोपाल यादव के बयान के सामने आने के बाद से समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक हरिओम यादव और उनके पुत्र से दूरी बना ली थी। इसका साफ़ उदाहरण हाल में सिरसागंज के गांव पैगू गढ़ी में युवक की हत्या के बाद उपजे विवाद में देखने को मिला था। यहां पर ग्रामीणों को भड़काने के आरोप में पुलिस ने विधायक और उनके पुत्र को जेल भेजा था। इस दौरान सपा नेताओं ने विजय प्रताप और उनके विधायक पिता से दूरी बनाए रखी थी। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में पिता-पुत्र बड़ा ऐलान करने का मन बना रहे हैं।

Ruby