तेंदुए ने हमला कर 3 लोगों को किया लहूलुहान, वन-विभाग की टीम ने एेसे किया कैद

punjabkesari.in Wednesday, Dec 20, 2017 - 10:30 AM (IST)

महराजगंज: उत्तर प्रदेश में महराजगंज के कोल्हुई क्षेत्र में एक तेंदुए के हमले से 3 लोग घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि लक्ष्मीपुर कैथवलिया गांव निवासी विनय सुबह शौच के लिए गांव के बाहर गया हुआ था। गांव में स्थित पोखरे के पास एक पुराने पीपल के पेड़ की ओट में छिपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल विनय के शोर मचाने पर तेंदुआ गांव की ओर भाग आया जहां उसने साइकिल से जा रहे राम प्रसाद तथा विक्रम पर हमला कर दिया। दोनों तेंदुए के हमले से घायल हो गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ गांव के मोहित के घर में घुस गया। मोहित के परिजन अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागे। ग्रामीणों ने किसी तरह मकान के सभी दरवाजे बंद कर दिए और उसमें तेंदुआ कैद हो गया।

ग्रामीणों ने डायल 100 पर पुलिस और वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग की टीम ने काफी मसक्कत के बाद उसे पिंजड़े में कैद किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग की टीम ने बताया कि गांव के करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर वन रेंज लक्ष्मीपुर है। यहां के जंगल से भटक कर यह तेंदुआ गांव तक आ गया था।