शादी समारोह से घर लौट रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला, दहशत में गांव

punjabkesari.in Friday, May 03, 2019 - 12:41 PM (IST)

बलरामपुरः उत्तर प्रदेश में बलरामपुर के सुहेलवा वन्यजीव क्षेत्र के बनकटवा इलाके में शादी समारोह से घर वापस लौट रही एक बालिका पर तेंदुए ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। वन विभाग के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि तेंदुए के हमले में भवारीपुरवा मटयरिया गांव की रहने वाली मोहिनी(10)घायल हुई है।

उन्होंने बताया कि मोहिनी अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ एक शादी समारोह में गयी थी। वहां से वापस लौटते समय तेंदुए ने उसके गर्दन पर हमला किया। उसके साथ में मौजूद लोगों के शोर से तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल बालिका को पास के सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र मे भर्ती कराया गया है।

प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल ने बताया कि सूचना पर वन विभाग की टीम गांव में भेजी गई है। पद चिंहो के जरिये तेंदुए की तलाश की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर बाहरी टीम भी बुलाई जायेगी। फिरहाल ग्रामीणों से सतकर्ता बरतने को कहा गया है।


 

Tamanna Bhardwaj