बहराइच में ग्रामीणों के लिए आफत बना तेंदुआ, मासूम पर किया हमला

punjabkesari.in Sunday, Jun 27, 2021 - 02:46 PM (IST)

बहराइचः यूपी के बहराइच के आम्बा गांव की ओर वन्यजीवों की दस्तक लगातार बढ़ती जा रही है। पहले हाथी और अब तेंदुआ ग्रामीणों के लिए आफत बन चुका है। वहीं अब तेंदुए ने मासूम पर हमला कर उसे घायल कर दिया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत आम्बा गांव निवासी प्रवेश का 8 वर्षीय पुत्र नागेश दोपहर को गांव स्थित मछली तालाब के निकट पिपरमिंट के खेत में अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने मासूम पर हमला कर दिया। जिसपर अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया तभी आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीण लाठी डंडों के साथ हाक लगाते हुए मासूम को बचाने दौड़ पड़े। इस दौरान तेंदुआ मासूम को छोड़ कर जंगल में भाग गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। तेंदुए के हमले में मासूम के सर, हाथ और चेहरा जख्मी हुआ है। 

मौके पर पंहुचे ग्राम प्रधान इकरार अंसारी व प्रधान सहयोगी शेरू तत्काल लहूलुहान मासूम बच्चे को इलाज के लिए अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर ले गए। इस मामले में प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप वधावन ने बताया कि वन कर्मियों को गश्त के लिए तैनात किया जाएगा। साथ ही घायल मासूम के परिवारीजनों को उपचार के लिए सहायता राशि दी जाएगी।


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj