मोदी बताएं, भाजपा शासित राज्यों में किसानों के कर्ज क्यों नहीं हुए माफः नरेश अग्रवाल

punjabkesari.in Sunday, Feb 26, 2017 - 04:57 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के तत्काल बाद किसानों के कर्ज माफ करने का वादा किए जाने पर कटाक्ष करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे पहले अपनी सरकार वाले राज्यों में किसानों के कर्ज माफ करने चाहिए।

भाजपा हार के डर से कस रही झूठे फतबे
अग्रवाल ने कहा कि ‘हार सुनिश्चित देखकर भाजपा तरह-तरह के फतबे कस रही है परन्तु इससे उनको कोई फायदा नहीं होने वाला है।’  उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कह रही है कि प्रदेश में सरकार बनने पर वह किसानों के कर्ज माफ कर देगी। उनसे हमारा सवाल है कि पहले वह अपनी सरकार वाले राज्यों में किसानों के कर्ज माफ क्यों नहीं करवाती? महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में किसानों के कर्ज कब माफ किए जाएंगे? राज्यसभा सदस्य ने कहा कि भाजपा को पहले इन राज्यों में किसानों के कर्ज माफ करने चाहिए और फिर उत्तर प्रदेश के किसानों के कर्ज को माफ करने की बातें करनी चाहिए।

विकास मुद्दे पर अखिलेश है सबसे आगे
सपा नेता नरेश अग्रवाल ने दावा किया कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी के गठबंधन से मुकाबला नहीं कर पाने की वजह से भाजपा नेता ‘विवादित बयान’ दे रहे हैं और उत्तर प्रदेश में भी बिहार चुनाव का नतीजा दोहराया जाएगा।  उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सपा-कांग्रेस गठबंधन से घबरा गई हैं और विवादित बयान दे रही हैं।   अग्रवाल ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश की जनता विकास चाहती है और वह जानती है कि विकास के मुद्दे पर सिर्फ अखिलेश यादव आगे बढ़ रहे हैं।