ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सबसे ठंडा रहा मुजफ्फरनगर

punjabkesari.in Monday, Jan 01, 2018 - 06:21 PM (IST)

मुजफ्फरनगरः जनपद में पिछले कई दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है और कोहरे से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़क, रेल यातायात पर भी इसका असर पड़ा है। मुजफ्फरनगर पिछले 24 घंटे में सूबे का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री बताया गया। देर रात्रि से सुबह लगभग 9 बजे तक कोहरा छाया रहा। उसके बाद मौसम कुछ साफ  हुआ, हालांकि ठंड से लोगों को राहत नहीं मिली। शाम होते ही मौसम का मिजाज तेजी से बदला, गलन बढ़ गई।

ठंड से बचने के लिए लोग खुद को गर्म कपड़ों से शरीर को पूरी तरह ढके हुए दिखे। कई स्थानों पर लोग दिन में भी अलाव जलाते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अभी ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। नए साल का आगाज कोहरे के साथ होगा। अगले 4-5 दिन घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। कोहरे के कारण आज भी अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।