UP विधानपरिषद चुनावः भाजपा ने जारी की अपने 10 प्रत्याशियों की सूची, इन मंत्रियों को मिली टिकट

punjabkesari.in Sunday, Apr 15, 2018 - 06:02 PM (IST)

लखनऊः विधानपरिषद चुनावों के लिए भाजपा ने अपनी 10 प्रत्याशियों की सूची रविवार जारी कर दी है। बता दें कि विधान परिषद की 13 सीटों के लिए 26 अप्रैल को चुनाव होने हैं। इसकी अधिसूचना 9 अप्रैल को जारी की गई। 16 अप्रैल को नामांकन की अंतिम तारीख है। चुनावों का परिणाम 26 अप्रैल को शाम तक घोषित कर दिया जाएगा।

सबसे खास बात यह है कि बीजेपी ने उन चार नेताओं की भी टिकट दी है जिन्होंने योगी आदित्यनाथ समेत चार मंत्रियों को विधान परिषद में भेजने के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी ने उन्हें फिर से विधान परिषद भेजने ले किए टिकट दी है। वहीं, लिस्ट में दो मंत्रियों को भी टिकट दिया गया है। इनका भी कार्यकाल पूरा हो रहा था। वहीं, बताया जा रहा है की अभी एक और उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जा सकती है।

जानकारी के मुताबिक विधान परिषद की 13 में से 11 सीटों पर बीजेपी की जीत निश्चित है। पार्टी ने 10 प्रत्याशी घोषित किए हैं। वहीं एक प्रत्याशी बीजेपी सरकार के सहयोगी दल अपना दल सोनेलाल से होगा। माना जा रहा है कि अपना दल से आशीष सिंह पटेल उम्मीदवार हो सकते हैं। आशीष सिंह पटेल केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति हैं। बीजेपी द्वारा घोषित दस नामों में डॉ महेंद्र सिंह, मोहसिन रजा, डॉ सरोजिनी अग्रवाल, बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह, जयवीर सिंह, विद्यासागर सोनकर, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, अशोक धवन प्रमुख हैं।
उल्लेखनीय है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा और बसपा विधायक दल के नेता सुनील कुमार चित्तौड़ सहित 13 सदस्यों का कार्यकाल 5 मई को समाप्त हो रहा है। इनमें सपा के 7, भाजपा के 2, बसपा के 2 और एक रालोद के हैं। अंबिका चौधरी के इस्तीफे से एक सीट पहले से खाली है।

जानिए विधानपरिषद का गणित 
विधानसभा की मौजूदा संख्या 402 सदस्य हैं। 1 सीट नूरपुर विधायक की मृत्यु के बाद खाली है। 402 सदस्यों की संख्या के अनुसार एक विधानपरिषद की सीट के लिए 29 वोटों की जरूरत है। इस तरह बीजेपी गठबंधन के खाते में 11 सीट जानी तय हैं। इसके बाद उसके पास 5 वोट अतिरिक्त बचेंगे। वहीं, बीएसपी के समर्थन से सपा भी दो सीट आसानी से निकाल लेगी। कांग्रेस के भी वोट मिलाए तो विपक्ष के पास दो सीटें निकालने भर के वोट हैं।


 

Ruby