अयोध्या पहुंचने वाले 200 मेहमानों की लिस्ट तैयार, मुकेश अंबानी व गौतम आडानी होंगे भूमिपूजन में शामिल

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2020 - 05:20 PM (IST)

अयोध्याः 5 अगस्त को प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि के आधारशिला कार्यक्रम में 200 मेहमानों की सूची को हरी झंडी दे दी गई है। यहां पहुंचने वाले मेहमानों को 50-50 के 4 भागों में बांटा गया है। इनमें साधु-संत, अधिकारी-नेता, विहिप-न्यास के अलावा देश के 50 गणमान्य शामिल होंगे। साथ ही देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी भी भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सुबह 11:30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे मोदी
5 अगस्त की सुबह 11.30 बजे प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या पहुचेंगे। यहां स्थित साकेत महाविद्यालय में पी.एम. का हेलीकॉप्टर लैंड करेगा। इसके बाद पी.एम. सीधा राम जन्मभूमि रवाना होंगे। अयोध्या में मोदी के दो कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिसके अनुसार मोदी हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि जाएंगे। अभी तक यह तय नहीं है कि पहले हनुमानगढ़ी जाएंगे या राम जन्मभूमि। भूमि पूजन कार्यक्रम के ठीक बाद 1 घंटे तक मोदी का संबोधन होगा।  पूरे कार्यक्रम का लाइव टेलीकॉस्ट किया जाएगा, जिससे दुनिया भर के लोग घर बैठे शिलान्यास कार्यक्रम को लाइव देख सकें।

इसके साथ ही अयोध्या शहर में चौराहों पर एल.ई.डी. स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। अयोध्या से फैजाबाद तक लाउडस्पीकर लगाकर मंत्रोच्चार और प्रधानमंत्री का भाषण प्रसारित किया जाएगा। इतना ही नहीं दिन में भूमि पूजन के आयोजन के बाद शाम को सरयू घाट पर दीपोत्सव का विशेष आयोजन की योजना है।

Tamanna Bhardwaj