पूर्व मुख्यमंत्रियों के खाली बंगलों में गायब सामान की बनेगी सूची

punjabkesari.in Monday, Jun 11, 2018 - 05:39 PM (IST)

लखनऊः कानूनी सलाह लेने के बाद उत्तर प्रदेश का राज्य संपत्ति विभाग ने हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्रियों द्वारा खाली किए गए बंगलों में सरकारी संपत्ति के नुकसान की जांच का फैसला लिया है। संपत्ति अधिकारी योगेश शुक्ला ने सोमवार को बताया कि विभाग के कर्मचारियों ने खाली बंगलों के सामान की सूची बनानी शुरू कर दी है। अगर कोई सामान गायब मिलता है तो उस दशा में संबधित पूर्व मुख्यमंत्री को नोटिस भेजी जाएगी। 

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राजनाथ सिंह,मायावती और मुलायम सिंह यादव के खाली किए गए सरकारी बंगलों में सामान का मिलान पुराने दस्तावेजों में दर्ज सामान से कराया जा रहा है जिसके बाद बंगलों में गायब सामान की सूची बनाई जाएगी। पिछले शनिवार को संपत्ति विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा खाली किए गए बंगले को मीडिया की मौजूदगी में खोला था। बंगले में कई जगह टूटफूट पायी गयी। इस मामले में सूबे के मौजूदा परिवहन राज्य मंत्री सवतंत्रदेव सिहं ने रविवार को मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।   

सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने बंगले में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा कर उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना की। जांच में सच्चाई का पता चल जाएगा। खुद को गरीब और निचले तबके का हमदर्द बताने वाले अखिलेश यादव जैसे नेता असल में जनता की गाढी कमाई से विलासिता का जीवन जीने के आदी हैं। एसी और इटालियन टाइल्स उन्हें नहीं निकालनी चाहिए थी क्योंकि यह उनकी निजी नहीं बल्कि सरकारी संपत्ति है।   

उधर अखिलेश यादव ने खुद का बचाव करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि बंगला मुद्दा को उछाल कर सत्तारूढ दल उनकी बेदाग छवि को बदनाम करने का कुचक्र रच रहा है। मैने सिर्फ अपनी लगाई चीजों को बंगले से निकाला है। मैने कोई भी मंहगा सामान बंगले से नहीं निकाला बल्कि प्रभु कृष्ण का मंदिर और मंहगे पेड पौधे पर उन्होंने हाथ भी नहीं लगाया। इसके बावजूद सरकार मुझे गायब सामान की सूची मुहैया कराए, मै उसका भुगतान कर दूंगा हालांकि सरकार का वह सामान लौटाना होगा जिसे मैने वहां लगाया था।

गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद पिछली दो जून को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपना सरकारी बंगला छोड़ दिया था। अखिलेश अब सुल्तानपुर रोड़ पर अंसल टाउनशिप में परिवार संग रहते हैं। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री और वयोवृद्ध कांग्रेसी नेता नारायण दत्त तिवारी ने अभी अपना बंगला खाली नहीं किया है।   

Ruby