सम्पत्ति विवाद में छोटा भाई बना बड़े का दुश्मन, कर डाला एेसा कांड

punjabkesari.in Friday, Jul 07, 2017 - 12:55 PM (IST)

फर्रुखाबाद:  उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कोतवाली क्षेत्र में सतीश गुप्ता को उनके ही सगे छोटे भाई ने सम्पत्ति के विवाद में गोली मार दी। आरोपी गोली मारकर घर से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

मकान को लेकर चल रही थी नोक-झोंक
वैश्य एकता परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष सतीश गुप्ता का सम्पत्ति बेचने को लेकर अपने छोटे भाई संजय उर्फ संजू से विवाद चल रहा है। बीती शाम संजू घर पर आकर सतीश से मकान के बैनामे को लेकर नोक झोंक करने लगा। देखते ही देखते विवाद अधिक बढ़ गया और संजू ने अपनी कमर में लगे तमंचे को निकाल कर सतीश पर फायर कर दिया। फायर की आवाज़ सुनकर घर व पास-पड़ोस में भगदड़ मच गई।

घायल को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस 
पुलिस घायल को आनन फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची। घायल की गंभीर हालत देखकर उन्हें कहीं और रेफर कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस अपनी ही जीप में सतीश को लेकर आवास विकास कालोनी के नरायण अस्पताल पहुंची। वहां घायल को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।

घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्र ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने बताया कि मामला परिवार में सम्पत्ति के विवाद का है। जिसको लेकर सतीश के सगे छोटे भाई संजू ने ही अपने भाई के गोली मारी है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।