लॉकडाउनः नहीं आ पाए रिश्तेदार तो मुस्लिमों ने हिंदू शव को दिया कंधा, बोले- ''राम नाम सत्य है''

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2020 - 06:42 PM (IST)

कानपुरः भारत हमेशा से गंगा जमुनी तहजीब के लिए विख्यात रहा है। हालात बिगड़े भी तो केवल उपद्रवी तत्वों के कारण वास्तव में इंडिया यही है जहां सभी धर्म के लोग मिलजूल कर साथ रहते और सांप्रदायिक एकता को निभाते हैं। ऐसा ही उदाहरण पेश किया है उत्तर प्रदेश कानपुर के कुछ मुस्लिम युवकों ने जिन्होंने राम नाम सत्य है... बोलते हुए हिंदू महिला के शव को कंधा दिया।

बता दें कि मामला शहर के हॉटस्पॉट बाबूपुरवा क्षेत्र का है। मुंशीपुरवा निवासी भरत ने बताया कि  साले संजय के लापता होने के बाद 90 वर्षीय सास सुखदेवी साथ रहती थीं। पिछले कुछ दिन से वह बीमार थीं। विगत रात अचानक उनका निधन हो गया। भाई और अन्य रिश्तेदारों को जानकारी दी लेकिन लॉकडाउन और रेड जोन एरिया होने के कारण कोई नहीं आ सका। घर में भाई और भतीजे राजेश को मिलाकर सिर्फ तीन पुरुष सदस्य ही थे। इलाके में रहने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों को जानकारी हुई तो मो. शरीफ, मो. नसीम, इमरान अली, हाजी आफाक खां, मो. उमर, मो. वसीम, मो. वसीक, मो. लतीफ, मो. नौशाद, मौ. तौफीक आ गए। सभी ने परिवार के साथ मिलकर अंतिम संस्कार की तैयारी की।

 

 

Author

Moulshree Tripathi