लॉकडाउनः PM मोदी ने पूछा- कैसे बिता रहे हैं समय? पूर्व राज्यपाल ने यह दिया जवाब

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2020 - 07:05 PM (IST)

प्रयागराजः खतरनाक कोरोना वायरस तेजी से अपना पांव पसार रहा है। ऐसे में पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। लिहाजा सभी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के उम्रदराज नेताओं का हालचाल भी ले रहे हैं। इसी कड़ी में PM ने पूर्व राज्यपाल  केशरीनाथ त्रिपाठी को फोन किया और उनसे पूछा कि वे लॉकडाउन के दौरान अपना समय कैसे काट रहे हैं। इसके जवाब में त्रिपाठी ने बताया कि वे इन दिनों किताबें पढ़ रहे हैं।

किताबें पढ़ता हूं और घर से बाहर नहीं निकलता 
पूर्व राज्यपाल ने PM को आगे बताया कि वे घर से बाहर बिल्कूल नहीं निकलते हैं लेकिन बेटा नीरज और बहू तकरीबन 200 जरूरतमंद लोगों को भोजन पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रयागराज कोरोना फ्री है और शहर में बाकी व्यवस्थाएं भी ठीक हैं। यहां काम अच्छे से चल रहा है।

बता दें कि पूर्व राज्यपाल से PM का पुराना संबंध है। साल 2014 में जब PM ने पहली बार वाराणसी से चुनाव लड़ा था तब त्रिपाठी उनके ऐफिडेविट की जांच करने गए थे। लोकसभा में जीत मिलने के बाद केंद्र सरकार ने केशरीनाथ त्रिपाठी को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया था। अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद पिछले साल प्रयागराज लौटने पर त्रिपाठी ने फिर BJP की सदस्यता ग्रहण की।

केशरीनाथ त्रिपाठी UP विधानसभा के तीन बार अध्यक्ष और पांच बार विधायक रह चुके हैं।  इनका जन्म 1934 में प्रयागराज में ही हुआ था। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और 1977 में पहली बार विधायक बनने पर उन्हें संस्थागत वित्तमंत्री की भी जिम्मेदारी मिली थी।

Author

Moulshree Tripathi