लॉकडाउनः प्रतिदिन 1 लाख लोगों को भोजन मुहैया कराती है UP की ये संस्था

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2020 - 07:53 PM (IST)

प्रयागराजः खतरनाक तरीके से बढ़ते कोरोना वायरस के मद्देनजर पूरे देश में लागू लॉकडाउन से कई लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसमें बेसहारों, गरीबों की भोजन की समस्या मुख्य है। कहते हैं कि समस्या अक्सर अपने पीछे-पीछे निराकरण को भी लेकर चलती है। ऐसे में देश में कई संस्थाएं गरीबों और जरूरतमंदों के लिए आगे आई हैं। ऐसी ही एक संस्था ओम नम: शिवाय प्रयागराज की भी है जो कि प्रदेश के चार शहरों में लोगों को भोजन करा रही है।

अब तक 30 लाख लोगों को भोजन मुहैया करा चुकी है संस्था
बता दें कि इस संस्था ने अब तक प्रदेश में 30 लाख से ज्यादा लोगों को भोजन मुहैया कराया है। ओम नम: शिवाय संस्था के स्वयं सेवकों ने लगभग 4000 लोगों के घर जा जाकर खाना उपलब्ध कराया है। संस्था के लोग दिन-रात एक करके जरूरतमंदों को भोजन कराने में जुटे रहते हैं।

धार्मिक संस्था ने जारी किया है टोल फ्री नंबर
यह धार्मिक संस्था प्रयागराज में हर साल लगने वाले माघ मेले और 6 वर्षों में लगने वाले कुम्भ मेले में अन्न क्षेत्र चलाती है। वहीं लॉकडाउन के दौरान 23 मार्च से लगातार प्रयागराज, कानपुर , अयोध्या और लखनऊ में प्रतिदिन एक लाख लोगों को भोजन कराया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में खाने की समस्या हो रही है या लोगों तक खाना किसी कारण से पहुंच नहीं पा रहा है उनकी मदद के लिये संस्था ने टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। टोल फ्री नंबर- 7266920638 और 7266902603 पर संस्था की ओर से लोगों को भोजन मुहैया कराया जा रहा है।

 

Author

Moulshree Tripathi