लोकसभा चुनाव 2019: यूपी में 40 फीसदी सांसदों के टिकट काट सकती है भाजपा

punjabkesari.in Sunday, Oct 28, 2018 - 04:56 PM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी सांसदों के टिकट काट सकती है। जानकारी मुताबिक योगी मंत्रिमंडल में 14 मंत्री और 2 मुख्यमंत्री है। ये सभी पार्टी पदाधिकारियों के साथ इस मुहिम में शामिल किए जाएंगे। इस बीच यह भी संभावना जताई जा रही है कि राज्य में मौजूदा 69 भाजपा सांसदों में से आगामी चुनाव में करीब 40 फीसदी के टिकट काटे जा सकते हैं।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सोमवार से लखनऊ में 3 दिवसीय बैठक शुरू होगी। जिसमें सूबे की सभी 80 सीटों पर यथास्थिति भांपने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए मंत्रियों और पदाधिकारियों के बारे में फैसला किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय और महासचिव सुनील बंसल करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी मंत्री और पार्टी कार्यकारिणी के सदस्य हिस्सा लेंगे। 3 दिवसीय इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी भाग लेने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान उन मंत्रियों और पदाधिकारियों के नाम तय किए जाएंगे जो 80 लोकसभा क्षेत्रों में बैठक कर पार्टी की मौजूदा स्थिति की ना सिर्फ पड़ताल करेंगे बल्कि वहां के सांसद की लोकप्रियता का भी आकलन करेंगे। सूत्रों ने बताया कि मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों के यह दल सभी लोकसभा क्षेत्रों का दौरा कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा और दीपावली से पहले यह रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश आलाकमान को सौंप देगा। रिपोर्ट में स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं और सांसद का पूरा लेखाजोखा दर्ज होगा।

Anil Kapoor