लोकसभा चुनाव 2019: फिरोजाबाद सीट से भतीजे अक्षय को टक्कर देंगे चाचा शिवपाल

punjabkesari.in Monday, Mar 11, 2019 - 11:30 AM (IST)

आगरा: आगामी लोकसभा चुनाव का बिगुल आखिर बज ही गया। लोकसभा चुनावों की तिथियां घोषित होते ही इसको लेकर जिले में विभिन्न राजनीतिक दलों की तैयारियां तेजी पकड़ चुकी हैं। सपा-बसपा गठबंधन में फिरोजाबाद सीट सपा के खाते में आई है। सपा ने मौजूदा सांसद अक्षय यादव को अपना उम्मीदवार भी घोषित कर दिया है।

अक्षय बहुत पहले से चुनावों की तैयारियां में जुटे हुए हैं। इसके अलावा कांग्रेस, भाजपा और प्रसपा ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। खास बात यह है कि इस बार इस चुनाव में सैफई परिवार के 2 सदस्य यानी अक्षय यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव आमने-सामने होंगे। अक्षय यादव पिछले चुनाव में यहां से सांसद चुने गए थे। पिछले लोकसभा चुनाव में अक्षय यादव को जीत के साथ कुल वोट 5,34,583 मिले थे।

दूसरे नम्बर पर भाजपा प्रत्याशी रहे एसपी सिंह बघेल को कुल वोट 4,20,524 मिले थे। तीसरे नम्बर पर बसपा के विश्वदीप सिंह ने 1,18,909 वोट पाए थे। कांग्रेस प्रत्याशी अतुल चतुर्वेदी करीब 7447 मतों के साथ चौथे नम्बर पर रहे थे। अक्षय यादव को कुल 1,14,059 मतों से जीत हासिल हुई थी। इस बार सांसद अक्षय यादव का मुकाबला उनके अपने ही चाचा शिवपाल यादव से है चुंकि शिवपाल यादव ने भी जिले से ही चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है, इससे यहां का चुनाव अब और भी दिलचस्प हो गया है।

प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव भी जिले में अब तक 24 कार्यक्रम कर चुके हैं। वह हर जगह यही कह रहे हैं कि नेताजी का आशीर्वाद है और जनता उन्हें चुनाव लड़ा रही है। चुंकि अभी भाजपा और कांग्रेस का कोई प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है इसलिए फिलहाल तो जिले में चर्चा सिर्फ चाचा और भतीजे की ही है।

Anil Kapoor