लोकसभा चुनाव 2019: पूर्वांचल में रोड शो कर प्रियंका गांधी ने दिखाई अपनी ताकत

punjabkesari.in Friday, May 17, 2019 - 12:54 PM (IST)

 

मिर्जापुरः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में रोड शो कर लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। वाड्रा का रोड शो दस बजे के बाद नसीमगंज में शुरु हुआ और शहर के प्रमुख स्थानों से गुजरा। इस दौरान यहां से कांग्रेस प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी भी उनके साथ थे। रोड शो के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के समर्थक अपनी पार्टी के पीले रंग के झंडे लिए साथ चल रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों के किनारे खड़ी थी।

रास्ते में जगह जगह वाड्रा पर फूल बरसाये जा रहे थे। वह साथ चल रहे लोगों से हाथ भी मिला रही थी और लोगों का अभिवादन भी स्वीकार कर रही थी। कांग्रेस नेता ने एक बार अपने वाहन पर एक बच्चा को चढा लिया और उससे बातें की। रोड शो में शामिल लोग कांग्रेस और उसके उम्मीदवार के पक्ष में नारे लगा रहे थे।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी लम्बे समय तक भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करते रही है। इस पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर अपने किसी सम्बन्धी को लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन टिकट नहीं मिलने से वह नाराज हो गये थे। राजभर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री थे, लेकिन पिछले दिनों इस्तीफा दे दिया था जो अब तक स्वीकृत नही हुआ है। मिर्जापुर लोकसभा सीट पर सातवें और अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होना है।



 

Tamanna Bhardwaj