Lok Sabha Elections 2019: डालिए एक नजर संभल लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Saturday, Apr 20, 2019 - 12:39 PM (IST)

संभलः संभल लोकसभा सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। 1977 में अस्तित्व में आई ये सीट मुस्लिम बाहुल्य है और यहां से मुलायम सिंह यादव सांसद रह चुके हैं। मुरादाबाद और रामपुर से सटी ये सीट कई मायनों में महत्वपूर्ण है। इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में इस सीट पर पहली बार चौधरी चरण सिंह की पार्टी आरएलडी ने जीत दर्ज की। इसके बाद 1980 और 1984 के चुनाव में कांग्रेस ने इस सीट पर जीत दर्ज की, लेकिन 1989 और 1991 के चुनाव में जनता दल के खाते में ये सीट रही।

वहीं 1996 के चुनाव में बाहुबली डीपी यादव ने बसपा के टिकट पर यहां परचम फहराया, लेकिन 1998 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव यहां से सांसद बने। फिर अगले साल यानी कि 1999 में हुए लोकसभा चुनाव में दुबारा मुलायम सिंह सांसद बने। इसके बाद उनके भाई राम गोपाल यादव यहां से सांसद बने। 2009 में ये सीट दुबारा बसपा के खाते में चली गई। 2014 में मोदी लहर पर सवार बीजेपी ने इस सीट को अपने खाते में डाला और यहां से सत्यपाल सैनी सांसद बने

जानिए संभल में कितने मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग

2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में संभल सीट पर कुल 18 लाख 13 हज़ार 839 वोटर अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 78 हज़ार 321 है। जबकि महिला वोटरों की संख्या 8 लाख 35 हज़ार 392 है। वहीं ट्रांस जेंडर वोटरों की संख्या 126 है।

संभल में कुल 5 विधानसभा सीटें

इस लोकसभा सीट में कुल 5 विधानसभा सीटे हैं। जिनमें 2 मुरादाबाद की और 3 संभल जिले की सीटे हैं।

संभल लोकसभा क्षेत्र में कुल पांच विधानसभा सीटें हैं। इनमें चंदौसी,असमोली, संभल, कुंदरकी और बिलारी विधान सभा सीटें है। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में चंदौसी विधानसभा सीट पर ही बीजेपी जीत पाई थी। बाकी 4 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी।

2014 में हुए लोकसभा चुनाव के नतीजों पर एक नजर

संभल सीट पर 2014 में हुए लोकसभा चुनाव पर नज़र डालें तो इस सीट पर बीजेपी के सत्यपाल सैनी ने सपा के शफीक उर रहमान बर्क को हराया था। सत्यपाल सैनी को कुल 3 लाख 60 हज़ार 242 वोट मिले थे। जबकी सपा से शफीक उर रहमान बर्क को 3 लाख 55 हज़ार 68 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर बसपा उम्मीदवार अकील उर रहमान ख़ान को 2 लाख 52 हज़ार 640 वोट मिले थे।

2009 में हुए लोकसभा चुनाव के नतीजों पर एक नजर

2009 में रामपुर लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में बसपा उम्मीदवार शफीक उर रहमान बर्क ने जीत दर्ज की थी। शफीक उर रहमान बर्क ने बसपा के टिकट से सपा उम्मीदवार इकबाल महमूद को हरा कर इस सीट पर कब्जा जमाया था। शफीक उर रहमान बर्क को 2009 के लोकसभा चुनाव में 2 लाख 7 हज़ार 422 वोट मिले थे। वहीं सपा उम्मीदवार इकबाल महमूद को 1 लाख 93 हज़ार 958 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के चंद्र विजय को 1 लाख 29 हज़ार 228 वोट मिले थे।

2004 में हुए लोकसभा चुनाव के नतीजों पर एक नजर

2004 में संभल लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में समाजवादी पार्टी से उम्मीदवार राम गोपाल यादव ने जीत दर्ज की थी। राम गोपाल ने बसपा के तरन्नुम अकील को हरा कर इस सीट पर कब्जा जमाया था। राम गोपाल को 2004 के लोकसभा चुनाव में 3 लाख 57 हज़ार 49 वोट मिले थे। वहीं बसपा के तरन्नुम अकील को 1 लाख 58 हज़ार 988 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर बाहुबली डीपी यादव रहे। डीपी यादव खुद की पार्टी राष्ट्रीय परिवर्तन दल बनाकर चुनाव लड़े थे। डीपी यादव को 1 लाख 37 हज़ार 273 वोट मिले थे।






 

Tamanna Bhardwaj