लोकसभा चुनाव 2024: दूसरे चरण में 42 प्रत्याशी करोड़पति,  मथुरा से भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी सबसे अमीर

punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2024 - 12:45 PM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आठ सीटों पर 91 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहें हैं। इनमें से 42 उम्मीदवार यानि 46 प्रतिशत प्रत्याशी करोड़पति हैं। खास बात है कि भाजपा हो या सपा, बसपा का हर प्रत्याशी करोड़पति है। यही नहीं, छोटे दल भी करोड़पति को ही प्रत्याशी बना रहें हैं। इस मामले में कांग्रेस पीछे है, इनके चार में से तीन उम्मीदवार करोड़पति हैं। उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने दूसरे चरण में अलीगढ़, अमरोहा, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुध नगर, गाजियाबाद, मथुरा और मेरठ से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के शपथ पत्रों का विश्लेषण किया है।



मथुरा से भाजपा हेमामालिनी सबसे अमीर
यूपी इलेक्शन वॉच के राज्य संयोजक संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि दूसरे चरण में मथुरा से भाजपा के टिकट पर हेमामालिनी चुनाव लड़ रही हैं, जिनकी संपत्ति करीब 278 करोड़ रुपये है। बीजेपी के ही अलीगढ़ सीट के सतीश कुमार गौतम की संपत्ति 16 करोड़ है। मेरठ सीट पर बसपा प्रत्याशी देवव्रत की संपत्ति पांच करोड के करीब हैं। उन्होंने बताया कि, दूसरे चरण के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 10.05 करोड़ है। पार्टियों की बात की जाये तो बसपा के आठ प्रत्याशियों की औसत संपत्ति लगभग 10.75 करोड़ है। बीजेपी के सात उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 91.23 करोड़ है। सपा के चार प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 17.34 करोड़ है। वहीं कांग्रेस के चार उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.56 करोड़ है। इसके अलावा जय हिंद नेशनल पार्टी के दो प्रत्याशी मैदान में हैं, दोनो ही करोड़पति हैं।



91 प्रत्याशियों में 21 अपराधों में लिप्त:
संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि इन 91 प्रत्याशियों में 21 ने अर्थात 23 प्रतिशत ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। इन आठ सीटों पर सपा के चार प्रत्याशी मैदान में हैं और चारों पर अपराध के मामले लंबित हैं। वहीं बसपा के आठ में से तीन (38 प्रतिशत), बीजेपी के सात में से दो, कांग्रेस के चार में दो अर्थात 50 फीसदी, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी ने प्रत्याशी तीन उतारें हैं। इनमें से दो पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। साथ ही कई अन्य पर मामले दर्ज हैं।

Content Writer

Ajay kumar