Lok Sabha Elections 2024: साझा प्रेस कान्फ्रेंस में बोले अखिलेश यादव- 'चार चरणों में चारों खाने चित हो चुकी है बीजेपी'

punjabkesari.in Thursday, May 16, 2024 - 12:45 PM (IST)

Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने साझा प्रेस कान्फ्रेंस में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि लोकसभा चुनाव के पहले चार चरणों में भारतीय जनता पार्टी चारों खाने चित्त हो चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा कि 4 चरणों में चारों खाने चित हो गयी है बीजेपी। वो 143 सीटें से ज्यादा नहीं जीतेंगे क्यूंकि 400 के पार यही बनती है। सबसे बड़ी हार भारतीय जनता पार्टी की होने वाली है।  भाजपा हार के बाद झूठ का विद्यालय खोलेगी। अब सभी मिलके बीजेपी को हटाने जा रहे हैं।

देश की 140 करोड़ की जनसंख्या भाजपा को 140 सीट का आंकड़ा भी छूने नहीं देगी: अखिलेश
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में  अखिलेश यादव ने कहा कि चार जून को चुनाव परिणाम अप्रत्याशित होंगे। देश की 140 करोड़ की जनसंख्या भाजपा को 140 सीट का आंकड़ा भी छूने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव संविधान बचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बहाल रखने का चुनाव है। भाजपा सत्ता में आती है तो संविधान बदल देगी मगर देश की जनता भाजपा की मंशा को समझ चुकी है और इसलिये मोदी सरकार की विदाई तय है। यादव ने कहा कि चुनाव हारने के बाद भाजपा के रिटायर नेता झूठ बोलने के स्कूल कालेज और विश्वविद्यालय खोलेंगे क्योंकि वे झूठ बोलने में माहिर है मगर इस बार उनका झूठ काम नहीं आयेगा। 

भाजपा जीती तो योगी यूपी के सीएम नहीं रहेंगे: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यदि लोकसभा चुनाव जीतती है तो न सिर्फ अनुसूचित जाति, जनजाति का आरक्षण खत्म किया जायेगा बल्कि योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जायेगा। केजरीवाल ने गुरुवार को यहां समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा यदि चुनाव जीतती है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दो महीने के भीतर यूपी के सीएम पद से हटा दिया जायेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले साल रिटायरमेंट ले लेंगे और अमित शाह देश के नये प्रधानमंत्री होंगे। इसके अलावा संविधान में परिवर्तन कर अनुसूचित जाति जनजाति का आरक्षण खत्म कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन की जीत की संभावनायें हालांकि न के बराबर हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भाजपा की हालत बेहद खराब है और उसे 220 सीट से ज्यादा मिलती नहीं दिखाई दे रही हैं।

अमित शाह को प्रधानमंत्री की कुर्सी दी जायेगी : केजरीवाल
आप संयोजक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले साल 75 साल के हो जायेंगे और उन्हे विश्वास है कि वह अपने बनाये नियम को जिसमें 75 साल से अधिक उम्र् के लोगों को पार्टी अथवा सरकार में किसी भी पद से हटा दिया जायेगा, को आत्मसात करते हुये स्वयं प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे और उनकी जगह अमित शाह को प्रधानमंत्री की कुर्सी दी जायेगी।  उन्होंने कहा कि शाह की राह में योगी रोड़ा बन सकते हैं, इसलिये उन्हे दो माह के भीतर यूपी के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जायेगा।  केजरीवाल ने कहा कि भाजपा अगर गलती से भी 400 से अधिक सीटों के साथ केंद्र की सत्ता में आती है तो एससी एसटी का रिजर्वेशन खत्म कर दिया जायेगा। यह बात उन्होने स्वयं भाजपा के सूत्रों से पता की है। भाजपा का मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ शुरु से ही आरक्षण के खिलाफ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के भीतर भाजपा की नीतियों को लेकर बेहद गुस्सा है और इसीलिये इस बार भाजपा की जगह गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static